Dadri News : तीन बदमाशों ने कार में लिफ्ट देकर पुलिस कर्मी के साथ मारपीट कर की लूटपाट
Dadri News : कार में लिफ्ट देकर तीन बदमाशों ने एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, पर्स ,नगदी, एटीएम आदि लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अनुज कुमार पुत्र रामपाल निवासी जनपद अमरोहा ने बताया कि वह मौजूदा समय में रिक्रूट आरक्षी के पद पर थाना यमुना पार जिला मथुरा में तैनात है। पीड़ित के अनुसार 20 मई को वह यमुना पार से एक दिवसीय अवकाश पर घर जा रहा था। पीड़ित के अनुसार वह मथुरा से नोएडा के सेक्टर 62 पहुंचा। वहां से वह जोया जाने के लिए सवारी के इंतजार में खड़ा था, तभी एक कार उसके पास आकर रूकी। कार चालक ने उससे पूछा कि कहां जाना है। उसने बताया कि मुझे जोया जाना है, तो ड्राइवर ने कहा कि आप बैठ जाओ मैं वही जा रहा हूं।
पीड़ित के अनुसार कार में ड्राइवर के अलावा दो अन्य व्यक्ति बैठे थे। जैसे ही थोड़ी दूर कार चली कार में पीछे बैठे दोनों लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार दोनो सवारियों और ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट कर उसे बंधक बना लिया। पीड़ित के अनुसार ये लोग उसे बंधक बनाकर दादरी के बोड़ाकी गांव के पास ले गए। बदमाशों ने उसके पास रखी हुई नगदी ,मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड आदि लूट लिया, तथा उसे चलती कार से धक्का देकर गिरा दिया। पीड़ित के अनुसार मारपीट के दौरान उसके चेहरे पर गंभीर चोट आई है। इस बाबत पूछने पर थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मारपीट और चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

