Greater Noida News : उत्पीड़न के चलते महिला ने खाया जहर, मौत, पति गिरफ्तार

May 22, 2026 - 17:54
Greater Noida News : उत्पीड़न के चलते महिला ने खाया जहर, मौत, पति गिरफ्तार
Symbolic Image

Greater Noida News : थाना कासना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने मानसिक तनाव के चलते अपने घर पर दलिया में मिलाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। महिला ने 12 वर्ष पूर्व एक युवक से प्रेम विवाह किया था। महिला के परिजनों की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

 थाना कासना के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि जिम्स अस्पताल से थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला ने 20 मई को अपने घर पर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान महिला की आज मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला की मृतका का नाम सोनिका (32 वर्ष) पत्नी सुभाष शर्मा है। सोनिका ने सुभाष शर्मा से 12 साल पूर्व प्रेम विवाह किया था।

 उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि उत्पीड़न के चलते महिला ने जहरीला पदार्थ खाया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति सुभाष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।