Dadri News : जेल से छूटकर काफिले सहित निकाला हिस्ट्रीशीटर,समर्थकों ने टोल प्लाजा पर की मारपीट

Jun 11, 2026 - 13:11
Dadri News : जेल से छूटकर काफिले सहित निकाला हिस्ट्रीशीटर,समर्थकों ने टोल प्लाजा पर की मारपीट
जेल से छूटकर काफिले सहित निकाला हिस्ट्रीशीटर,समर्थकों ने टोल प्लाजा पर की मारपीट

Dadri News : थाना दादरी क्षेत्र के लुहारली टोल प्लाजा पर देर रात कुछ वाहन सवारों ने बूम बैरियर तोड़ दिया। हूटर बजाते हुए एक दर्जन से अधिक गाड़ियां बिना टोल चुकाए निकल गईं। रोकने पर टोल कर्मियों से मारपीट की गई, जिसमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। आज सुबह को पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है। चर्चा है कि गाजियाबाद के ग्राम बम्हेटा का रहने वाला हिस्ट्रीशीटर बुलंदशहर जेल से छुटकर बीती रात को निकला था। उसके समर्थक दर्जनों गाड़ियों में जेल से काफिले के रूप में गाजियाबाद के लिए निकले थे। उन्हीं लोगों ने उक्त घटना को अंजाम दिया है।

पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि यह घटना बुधवार रात की है। अज्ञात वाहन सवारों ने टोल प्लाजा पर आकर हूटर बजाना शुरू कर दिया। जब टोल कर्मियों ने बैरियर नहीं खोला, तो उन्होंने गाड़ियों से बूम बैरियर को तोड़ दिया और एक के बाद एक कई वाहन वहां से निकल गए।

टोल कर्मचारियों द्वारा उन्हें रोकने और टोल शुल्क मांगने पर वाहन सवारों ने मारपीट शुरू कर दी। खुर्जा निवासी टोलकर्मी लोकमान सिंह ने बताया कि जब उन्होंने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई। जान बचाने के लिए भागने पर आरोपियों ने करीब एक किलोमीटर तक उनका पीछा किया।

आरोपियों ने लोकमान सिंह को गिराकर पीटा और ईंट-पत्थरों से हमला किया। इस हमले में लोकमान सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए। हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए।

घायल टोलकर्मी लोकमान सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

 बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के बम्हेटा गांव के रहने वाला हिस्ट्रीशीटर बदमाश तोता बुलंदशहर जेल से बुधवार रात को छूटा था। लोगो के अनुसार वह जेल से काफिला लेकर गाजियाबाद के लिए निकला था। लोगों में चर्चा है कि तोता के लोगों ने ही टोल पर मारपीट की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बम्हेटा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की स्कॉर्पियो कार को कब्जे में लिया है। कार के मालिक के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।