Dadri News : दादरी में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 2027 चुनाव का किया शंखनाद

Aug 3, 2026 - 22:06
Dadri News : दादरी में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 2027 चुनाव का किया शंखनाद

Noida News : ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा’ में बोले— 2017 से पहले था ‘रंगदारी का राज’, अब उत्तर प्रदेश ‘ईमानदारी की सरकार’ के साथ विकास की राह पर

भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी सोमवार को गौतमबुद्ध नगर के दादरी विधानसभा क्षेत्र स्थित आरवी नॉर्थलैंड इंस्टीट्यूट में आयोजित अभिनंदन समारोह एवं ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए। उनके आगमन पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और इस सभा को भाजपा की वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद माना गया।

सभा को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि जिन युवाओं की उम्र वर्ष 2017 से पहले कम रही होगी, वे घर जाकर अपने माता-पिता से पूछें कि उस समय प्रदेश में कैसा माहौल था। उन्होंने उस दौर को "रंगदारी की सरकार" बताते हुए दावा किया कि वर्तमान भाजपा सरकार "ईमानदारी की सरकार" है। उन्होंने कहा कि पहले नोएडा-ग्रेटर नोएडा में अपराधियों का बोलबाला था, जबकि अब यहां देश-विदेश की औद्योगिक इकाइयां निवेश कर रही हैं और युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि उत्तर प्रदेश में विकास की गति लगातार बनी हुई है। पंकज चौधरी ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसके पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। राम मंदिर चंदा घोटाले के संदर्भ में उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का नागरिक अभिनंदन भी किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया।

सभा को सांसद डॉ. महेश शर्मा, सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक तेजपाल सिंह नागर, ठाकुर धीरेंद्र सिंह, पंकज सिंह, श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र सिंह भाटी, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, बिजेंद्र सिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।