Noida News : शेयर ट्रेडिंग का झांसा देकर महिला से 3.5 करोड़ की ठगी, दो विभिन्न मामलों में एक करोड़ 12 लाख की ठगी

Oct 30, 2025 - 12:21
Noida News : शेयर ट्रेडिंग का झांसा देकर महिला से 3.5 करोड़ की ठगी, दो विभिन्न मामलों में एक करोड़ 12 लाख की ठगी
Symbolic Image

Noida News : थाना नोएडा के सेक्टर 50 में रहने वाली एक महिला से शेयर ट्रेडिंग मैं इनवेस्ट कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर अज्ञात साइबर अपराधियों ने 3.5 करोड रुपए की ठगी कर ली। पीड़िता ने आज पुलिस से इस मामले में शिकायत की है। पीड़िता इतनी डरी हुई है कि वह पुलिस अधिकारियों के सामने भी जाने से घबरा रही है।

 

Noida Newsअपर पुलिस उपायुक्त शैव्या गोयल ने बताया कि सेक्टर 50 में रहने वाली श्रीमती अर्पिता तिवारी ने आज पुलिस को फोन के द्वारा सूचना दी है कि साइबर अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया तथा उनसे विभिन्न बैंक खातों में 3.5 करोड रुपए डलवा लिया। उनके अनुसार महिला सोशल मीडिया पर इन्वेस्टमेंट की लिए सर्च कर रही थी, तभी उन्हें इंस्टाग्राम पर एक लिंक मिला। उस लिंक पर टच करने पर कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया तथा उन्हें व्हाट्सएप के दो ग्रुप से जोड़ा गया। उस ग्रुप में काफी लोग और जुड़े थे। वे लोग इन्वेस्टमेंट और फायदे के बारे में जानकारी दे रहे थे। पीड़िता के अनुसार वह उनके झांसे में गई। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पीड़िता से दूरभाष पर बात हुई हुई है। वह काफी घबराई हुई है। उन्होंने पुलिस से कहा है कि वह अपने अधिवक्ता के माध्यम से नोएडा के सेक्टर 36 स्थित साइबर क्राइम थाने में पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच करेगी।

 

 

 अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि धीरज जोशी पुत्र पुरनचंद जोशी ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 59 स्थित एक कंपनी में फाइनेंस मैनेजर के पद पर कार्यरत है। पीड़ित के अनुसार उनकी कंपनी रियलमी इंडिया की अधिकृत सर्विस पार्टनर है। कंपनी द्वारा रियलमी इंडिया से पार्ट्स खरीदे जाते हैं। पीड़ित के अनुसार उन्हें एक मेल प्राप्त हुआ। इसमें कहा गया कि रियलमी कंपनी को मेल मे दिए गए बैंक खाते में पेमेंट की जाए। पीड़ित के अनुसार वह झांसे में गए तथा -मेल से प्राप्त हुए बैंक अकाउंट में उन्होंने 78 लाख 9 हजार 103 रुपया ट्रांसफर कर दिया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से पेमेंट दिए जाने की बात की तो उन्हें बताया गया कि उन्हें पेमेंट प्राप्त नहीं हुई है। बाद में पीड़ित को पता चला कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में  रईस अहमद ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 5 अगस्त को उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया। उसने शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने का झांसा दिया। पीड़ित के अनुसार उन्होंने उसकी बात पर विश्वास कर उसके बताए गए खाते में 42 लाख 78 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिया। पीड़ित को ऐप पर अपनी रकम बढ़ी हुई दिखाई दे रही थी। जब उसने रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे अनुमति नहीं दी। बाद में आरोपियों ने उसे ग्रुप से निकाल दिया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।