Noida News : गरीब बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी ले विश्वविद्यालय: राज्यपाल
Noida News : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार को एमिटी यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शामिल हुईं। यहां पर भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) के 100 साल पूरे होने पर दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक विश्वविद्यालय पांच गरीब बच्चों की शिक्षा और निजी विश्वविद्यालय कम से कम दो छात्रों का बीड़ा उठाएं। साथ ही संस्थान में एक तिहाई महिलाओं को रोजगार दें, ताकि विकसित भारत की तरफ तेजी से कदम बढ़ाया जा सके।
UP Governor - Anandiben Patel : राज्यपाल ने कहा कि कुलपतियों को संस्थान में खाली समय पर संसाधनों का सदुपयोग करते हुए इनक्यूबेशन सेंटर शुरू कर छात्रों के स्टार्टअप व नई तकनीक तलाशनी चाहिए। भारतीय विश्वविद्यालय संघ में महिलाओं की संख्या कम होने पर उन्होंने हैरानी जताई, साथ ही ट्रांसजेंडर में शिक्षा की अलख जगाने के लिए कदम उठाने की बात कही, ताकि उन्हें भी रोजगार दिया जा सके।
इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कोई बोलता नहीं, लेकिन मैं बोलूंगी, कैसी-कैसी घटनाएं आ रही हैं, क्या हमें चिंता नहीं करनी चाहिए। कोई पति को मार रहा है, कोई पत्नी को मार रहा है, कोई नदी में हत्या कर शव फेंक रहा है और उस पर कैसी-कैसी रील बनती हैं। टैलेंट वही है, उस पर रील बनाना, लेकिन उसको सही दिशा देना है। हमे महिलाओं, बच्चियों को सिखाना है। जिस उम्र में वह सीखती हैं तब वह विश्वद्यालय में होते हैं, क्या हमें उनका व्यवहार नहीं पता चलता, लेकिन हम ध्यान नहीं देते हैं। ऐसे ही हमारे युवा दिशा विहीन होते हैं, तभी वे गलत दिशा अपनाते हैं, हमें तभी उन्हे रोकना है, यह कोई पाठ्यक्रम नहीं है, लेकिन हमारी सामाजिक जिम्मेवारी है।