Noida News : यूपी एसटीएफ ने एक लाख रुपए के इनामी डकैत को किया ढेर

Jun 20, 2025 - 23:17
Noida News : यूपी एसटीएफ ने एक लाख रुपए के इनामी  डकैत को किया ढेर
यूपी एसटीएफ ने एक लाख रुपए के इनामी डकैत को किया ढेर

Noida News : उत्तर प्रदेश के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने 20 जून की रात को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपए के इनामी डकैत को मार गिराया है। यह मुठभेड़ जनपद बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में हुई है। इसके खिलाफ डकैती, हत्या, लूट सहित विभिन्न धाराओं में 40 से ज्यादा मुकदमे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं।

UP STF Noida Unit News :  उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल के एसपी (नोएडा यूनिट) राजकुमार मिश्रा ने बताया कि 20 जून की रात को एसटीएफ को सूचना मिली कि बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में कुछ बदमाश डकैती डालने की नीयत से आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर बल के जवानो ने जाल बिछाया। बाइक पर सवार होकर दो बदमाश एसटीएफ को आते हुए दिखाई दिए। एसटीएफ ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने भी गोली चलाई। एसटीएफ द्वारा चलाई गई गोली विनोद गडेरिया पुत्र सीताराम निवासी जनपद शामली को लगी। उसे उपचार के लिए बुलंदशहर के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ जनपद मुजफ्फरनगर में डकैती के 6 मामले दर्ज है। यह वर्ष 2024 से वांछित चल रहा था। इस पर जनपद मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि यह बदमाश वर्ष 2006 में अपराध की दुनिया में आया। इस पर डकैती, हत्या , लूट के 40 से ज्यादा मुकदमे जनपद मुजफ्फरनगर, शामली ,बागपत आदि में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि यह भी पता चला है कि मुजफ्फरनगर जनपद के एक न्यायालय से 7 वर्ष की सजा उक्त बदमाश को सुनाई थी। मौके से पुलिस ने अवैध हथियार और बाइक बरामद किया है।