Noida News : गौतम बुद्ध नगर में 60 केंद्रो पर 18 फरवरी से होगी यूपी बोर्ड की परीक्षा, तैयारियां पूरी
Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षाओं के लिए 60 परीक्षा केंद्रों पर अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेगी। अधिकारियों ने एक समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी। बैठक में केंद्र अधीक्षक, मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि परीक्षा में पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और बिना किसी नकल के आयोजित हो।
गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम के मुताबिक परीक्षा के दौरान किसी तरह की कोई कम न रह जाए इसके लिए पहले से ही सभी परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस साल निगरानी और सुरक्षा उपायों को मजबूत किया जाएगा, और परीक्षा केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम की 24 घंटे सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जाएगी। मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरी परीक्षा अवधि के दौरान हर केंद्र पर इंस्टॉल किए गए कैमरा पूरी तरह से चालू रहने चाहिए।
गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने अधिकारियों से कहा है कि परीक्षा केंद्रों पर स्टूडेंट्स को साफ-सफाई, लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था, पीने का साफ पानी, साफ-सुथरे वॉशरूम और फर्स्ट एड की सुविधा मिलनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने बैठक के दौरान आश्वसत किया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रश्न पत्र ट्रांसपोर्ट प्रोटोकॉल के तहत परीक्षा केंद्रों में पुलिस बल की निगरानी में डिलीवर किए जाएंगे।
डीआईओएस राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में क्लास 10 और 12 के 42,917 छात्रों के परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सभी 60 केंद्रों पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और परीक्षाओं के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि वह पूरी परीक्षा अवधि के दौरान सिविल और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखेगा।

