Noida News : डिजिटल अरेस्ट कर 1.29 करोड़ ठगी करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
Noida News : साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 1.29 करोड़ रुपये ठगने के मामले में बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक 72 वर्षीय व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट करके उसके बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर कराए थे। इस मामले मे पहले भी दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके है।
Cyber Crime Police Station Noida News : अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर निवासी 72 वर्षीय दिलीप कुमार दास ने 13 मार्च को एफआईआर दर्ज कराई थी कि उनके पास छह फरवरी को एक फोन कॉल आई। कॉलर ने खुद को सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताया और कहा कि उनके नाम पर एक सिम कार्ड जारी हुआ है, जिसका इस्तेमाल गैरकानूनी कामों में हो रहा है।
इसके बाद उसने कहा कि मामला गंभीर है और एजेंसियां जांच में लगी हैं। कुछ ही देर बाद ठगों ने वीडियो कॉल कर पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट कर लिया। वीडियो कॉल में उन्होंने कोर्ट जैसी सेटिंग दिखाई, जहां एक व्यक्ति जज की तरह बैठा था और उसके पास एक अन्य व्यक्ति पुलिस अधिकारी की वर्दी में खड़ा था। इस दौरान पीड़ित को यह विश्वास दिलाया गया कि अगर वह जांच में सहयोग नहीं करेगा तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा।ठगों ने पीड़ित पर लगातार दबाव बनाया और कहा कि उसके बैंक खातों की जांच होगी। जांच पूरी होने तक उसे घर से बाहर नहीं जाना है और फोन कॉल को चालू रखना है। इसके बाद ठगों ने पीड़ित से कहा कि वह अपने खाते के रुपये सत्यापन के लिए दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दें। यह भरोसा भी दिलाया गया कि जांच के बाद सारे रुपये वापस कर दिए जाएंगे। डर के कारण पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में एक करोड़ 29 लाख 61 हजार 962 रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद ठगों ने पीड़ित को सुप्रीम कोर्ट और मुंबई पुलिस के नाम से फर्जी लेटर भी भेजे और कहा कि उसे नो ड्यूज सर्टिफिकेट मिल गया है और रुपये जल्द वापस कर दिए जाएंगे। काफी समय बीतने के बाद भी रुपये वापस नहीं आए तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
उन्होंने बताया कि बीते दिनों पुलिस ने इस मामले मे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस ने मध्य प्रदेश के जिला भिंड निवासी नरेंद्र सिंह और इंद्रेश को गिरफ्तार किया है।

