Noida News : नोएडा में मीट की दुकान पर हत्या करने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

Nov 15, 2024 - 13:07
Noida News :  नोएडा में मीट की दुकान पर हत्या करने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

  Noida News : मामूली विवाद में एक व्यक्ति की छुरा गोंदकर हत्या करने वाले बदमाश को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने आज तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। इसके पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा और कारतूस और हत्या में प्रयुक्त छुरा बरामद किया है।


 पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम रामबदन सिंह ने बताया कि 14 नवंबर को थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के गौशाला के पास सोरखा गांव में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा शहजाद पुत्र रफीक की छुरा से हमला कर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान नहीं हो पाई थी।

 डीसीपी ने बताया कि मृतक और आरोपी एक मीट की दुकान पर मीट खरीदने गए थे। मृतक ने आरोपी से मीट ले जाने के लिए उसका अंगौछा मांगा था। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, और आरोपी ने उसकी छुरा घोंपकर हत्या कर दी थी।


उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई थी। आज तड़के थाना सेक्टर-113 पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-117 के जंगल की ओर जाने वाली सड़क पर हत्या आरोपी खड़ा है। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर इसकी घेराबंदी की। अपने आप को पुलिस से घिरा हुआ देखकर आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी है। 

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान घायल बदमाश ने अपना नाम अमरजीत महतो निवासी ग्राम शिकारपुर खेलेरी थाना सोनपुर जनपद छपरा बिहार उम्र लगभग 35 वर्ष बताया। उन्होंने बताया कि इसके पास से एक देसी तमंचा और कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त छुरा बरामद हुआ है। डीसीपी ने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भेजा गया है।