Noida News : नोएडा श्रमिक हिंसा के मामले में गिरफ्तार वरिष्ठ पत्रकार के खाते में विदेशों से आए एक करोड रुपए, रासुका के तहत पुलिस ने की कार्रवाई
Noida News : नोएडा में 13 अप्रैल को वेतन बढ़ोतरी को लेकर हुए श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार वरिष्ठ पत्रकार सत्यम वर्मा और उनके साथी आकृति के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के बाद नोएडा पुलिस ने आज इस मामले में एक बयान जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि सत्यम वर्मा के खाते में विभिन्न माध्यम से विदेश से करीब एक करोड़ रूपये आए। इन पर आरोप है कि इन लोगों ने श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन को हिंसक बनाया तथा कुछ प्रशिक्षित लोगों ने नोएडा पहुंचाकर आगजनी,तोडफोड और पुलिस पर हमला जैसे घटनाओ को कारित किया। जिससे यह आंदोलन उग्र हो गया।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में विगत दिवसों में श्रमिक आंदोलन/ हिंसक प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ गतिविधियों एवं हिंसक घटनाओं के संबंध में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों पर अभियोग पंजीकृत किए गए थे। उक्त प्रकरण में भड़काऊ गतिविधियों एवं हिंसक घटनाओं में संलिप्त विभिन्न आरोपियों में से आरोपी सत्यम वर्मा तथा आरोपी आकृति के विरुद्ध श्रमिक आंदोलन के दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन, आगजनी एवं अराजकता फैलाने में दोनों आरोपियों की महत्वपूर्ण भूमिका पाये जाने एवं लोक व्यवस्था को छिन्न-भिन्न करने के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में पंजीकृत अभियोगों की विवेचना के दौरान आरोपी सत्यम वर्मा के संबंध में कुछ अन्य चौकाने वाले तथ्य भी प्रकाश मे आये है। आरोपी सत्यम वर्मा के व्यक्तिगत बैंक खातें में एक करोड़ रूपए से अधिक की धनराशि, भिन्न-भिन्न देशों से डॉलर, पाउंड एवं यूरो मुद्राओं के रूप में प्राप्त (क्रेडिट) हुई है। प्राप्त होने वाली इन धनराशियों को आरोपी सत्यम वर्मा द्वारा अविलम्ब विभिन्न समयों में अपने दूसरे व्यक्तिगत बैंक खातें में हस्तांतरित भी किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी सत्यम वर्मा विभिन्न संगठनों से जुडा हुआ है, जिनके संबंध में गहन छानबीन की जा रही है। आरोपी सत्यम वर्मा के इन खातों में किए गए विभिन्न लेन-देनों (ट्रांजेक्शन) के संबंध में गहन छानबीन / विश्लेषण/विवेचना की कार्यवाही प्रचलित है।

