Noida News : श्रमिक आंदोलन के मद्देनजर पुलिस आयुक्त ने की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

Apr 12, 2026 - 15:06
Noida News : श्रमिक आंदोलन के मद्देनजर पुलिस आयुक्त ने की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
श्रमिक आंदोलन के मद्देनजर पुलिस आयुक्त ने की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

Noida News : विभिन्न मांगों को लेकर श्रमिकों द्वारा किए जा रहे तीन दिन से धरना प्रदर्शन के मद्देनजर रविवार को पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने थाना फेस- दो में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। सोमवार को भी श्रमिकों के धरना प्रदर्शन को देखते हुए पुख्ता इंतजाम किया गया है। इसी बीच जिला प्रशासन, श्रम विभाग और पुलिस के आला अधिकारी श्रमिकों और उद्योग पतियों से बातचीत कर समस्या का समाधान करने में जुटे हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उद्योग संगठन के नेताओं से भी संपर्क किया है।

 शनिवार को नोएडा के थाना फेस-दो क्षेत्र, थाना फेस- 3 क्षेत्र और ईकोटेक- 3 क्षेत्र में श्रमिकों ने उग्र प्रदर्शन किया। कई जगह श्रमिकों ने जमकर पथराव किया, जिससे कुछ पुलिस कर्मियों को चोट भी लगी है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में भी कुछ लोगों को चोट लगने की सूचना है। चर्चा है कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस आयुक्त ने सभी बातों को ध्यान में रखते हुए कड़ा रूख अख्तियार करते हुए आज सभी पुलिस अधिकारियों के साथ थाना फेस-दो में बैठक की।

 अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था सहित कई अधिकारियों को उन्होंने श्रमिकों के साथ बातचीत कर इस मामले को शांतिपूर्वक निपटाने के लिए निर्देशित किया। अपर आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि श्रमिकों के आंदोलन के देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि यह मामला शांतिपूर्ण तरीके से निपट जाए। उन्होंनेा बताया कि श्रमिकों के आंदोलन केमद्देनजर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। क्षेत्रीय अभिसूचना इकाई के अधिकारियों को भी सतर्क किया गया है। फायर ब्रिगेड और दंगा नियंत्रण वाहनों को भी तैनात किया गया है।