Noida News : श्रमिकों के आंदोलन के मद्देनजर जिलाधिकारी ने की उद्योगपतियों के साथ बैठक

Apr 12, 2026 - 14:54
Noida News : श्रमिकों के आंदोलन के मद्देनजर जिलाधिकारी ने की उद्योगपतियों के साथ बैठक
श्रमिकों के आंदोलन के मद्देनजर जिलाधिकारी ने की उद्योगपतियों के साथ बैठक

Noida News : बीते तीन दिनों से गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न जगहों पर फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों के उग्र आंदोलन के मद्देनजर रविवार को गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी ने विभिन्न उद्यमी संगठनों और उद्योगपतियों के साथ बैठक की। सोमवार को भी गौतम बुद्ध के विभिन्न जगहों पर स्थित उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों द्वारा उग्र प्रदर्शन की सूचना है। इसके लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारी की है।

 गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने हमारे संवाददाता से बातचीत के दौरान बताया कि सोमवार को भी श्रमिकों के धरना प्रदर्शन को देखते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट,जोनल मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ क्रिटिकल एरिया को चिन्हित कर वहां पर विशेष रूप से अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना ना हो।

 

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्गत गाइडलाइंस को प्रत्येक कंपनी के नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चस्पा किया जाए, जिससे श्रमिकों में किसी प्रकार की आशंका या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

 उन्होंने कहा कि रविवार को उद्योगपतियों और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के नेताओं के साथ हुई बैठक में स्पष्ट किया गया कि शासन की गाइडलाइन के के अनुसार किसी भी श्रमिक को अनावश्यक रूप से सेवा से नहीं निकाला जाएगा। ओवरटाइम का भुगतान दुगनी दर से किया जाएगा तथा उसमें किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। प्रत्येक श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश प्रदान किया जाएगा और यदि रविवार को कार्य कराया जाता है तो उसका भुगतान भी दुगनी दर से किया जाएगा। सभी श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक उनके बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक कारखाने में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति गठित की जाएगी, जिसकी अध्यक्ष महिला होगी। साथ ही शिकायत पेटी की स्थापना कर श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक श्रमिक का वेतन प्रत्येक माह की 10 तारीख के भीतर एकमुश्त भुगतान किया जाएगा तथा सभी को वेतन पर्ची अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। आंदोलन में सम्मिलित किसी भी श्रमिक या प्रतिनिधि के विरुद्ध कोई उत्पीड़नात्मक अथवा सेवा समाप्ति की कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित या लागू की जाने वाली वेतन वृद्धि को प्रभावी तिथि से ही सभी श्रमिकों को प्रदान किया जाए।

उन्होने कहा कि समस्त सेवायोजकों एवं कारखाना प्रबंधन को निर्देशित किया कि उपरोक्त सहमत बिंदुओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के अधिकारों का हनन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर अनुपालन की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनपद में औद्योगिक शांति एवं समन्वय बना रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जो श्रमिक कार्य करना चाहते हैं, उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, जो श्रमिक कार्य नहीं करना चाहते हैं, उनसे कारखाना प्रबंधन द्वारा सौहार्दपूर्ण वार्ता कर शासन की गाइडलाइन के अनुरूप उन्हें समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने कहा कि सभी कारखानों के मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे श्रमिकों की सुविधा के लिए क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं तथा किसी भी श्रमिकों को असुविधा की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।