Noida News : नोएडा श्रमिक हिंसा: नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के नेतृत्व में सपा

Apr 17, 2026 - 17:48
Noida News : नोएडा श्रमिक हिंसा: नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के नेतृत्व में सपा
नोएडा श्रमिक हिंसा: नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के नेतृत्व में सपा

Noida News : नोएडा के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर 13 अप्रैल को श्रमिकों द्वारा किए गए हिंसक प्रदर्शन की सही जानकारी लेने और मजदूरों और उनके परिवार के लोगों से मिलने के लिए समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष विधानसभा उत्तर प्रदेश माता प्रसाद पांडे के नेतृत्व में नोएडा पहुंचा। उनके साथ गौतम बुद्ध नगर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, विधायक एवं पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, विधायक एवं पूर्व मंत्री कमाल अख्तर, विधायक अतुल प्रधान, विधायक पंकज कुमार मलिक, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता व पूर्व प्रत्याशी राजकुमार भाटी, तथा पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी शामिल थे। 10 सदस्यी प्रतिनिधिमंडल से पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट ने सूरजपुर पुलिस लाइन में मुलाकात की।

 इस बाबत हमारे संवाददाता से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने बताया कि उन लोगों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की कि वे घायल श्रमिकों को देखेंगे। जेल में बंद श्रमिकों से मुलाकात करेंगे, तथा श्रमिकों से मिलकर इस प्रदर्शन की हकीकत को जानेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी के खिलाफ कोई ज्यादती नहीं होगी। उनके अनुसार पुलिस आयुक्त ने कहा कि अभी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। जैसे ही स्थिति सामान्य होगी प्रतिनिधिमंडल की सभी से मुलाकात कराई जाएगी। उनके अनुसार उन्होंने पुलिस आयुक्त से कहा कि जो लोग निर्दोष हैं और जेल में बंद है उन्हें तुरंत रिहा किया जाए।

 

उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह आंदोलन प्रायोजित था। इसमें कुछ असामाजिक तत्व और सीमा पार के लोग संलिप्त है। जितनी गिरफ्तारियां हुई है ,उसमें ज्यादातर बाहरी लोग हैं। उन्होंने कहा कि डेलिगेशन ने कहा कि आप बाहरी तत्वों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई करें, लेकिन जो लोग निर्दोष हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई न हो। डेलिगेशन ने यह भी कहा की ठेकेदारी प्रथा के चलते श्रमिकों का जो उत्पीड़न हो रहा है, उसे बंद किया जाए, और श्रमिकों को उचित मजदूरी प्रदान की जाए।

 समाजवादी पार्टी के मीडिया प्रभारी विनोद लोहिया (विक्रम टाइगर) ने बताया कि पुलिस आयुक्त के से मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष ने समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ एक बैठक की। उन्होंने बताया कि डेलिगेशन राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपनी रिपोर्ट सौपेंगा। उसके बाद पार्टी आगे का निर्णय लेगी।