Noida News : वेतन बढ़ाने को लेकर नोएडा मे हुए श्रमिक हिंसा मामले की होगी मजिस्ट्रेटियल जांच

May 7, 2026 - 18:26
Noida News : वेतन बढ़ाने को लेकर नोएडा मे हुए श्रमिक हिंसा मामले की होगी मजिस्ट्रेटियल जांच

Noida News : नोएडा के औद्योगिक सेक्टरों में हाल ही में श्रमिकों और कामगारों द्वारा किए गए हिंसक धरना प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसक घटनाओं की अब मजिस्ट्रियल जांच होगी। यह निर्णय कानून-व्यवस्था और लोक व्यवस्था पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए लिया गया है।

 अपर पुलिस आयुक्त, मुख्यालय, गौतम बुद्ध नगर, अजय कुमार ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बीते 13 अप्रैल 2026 को थाना फेस-2 और थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर श्रमिकों द्वारा किए गए धरना प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया था। इन घटनाओं के कारण कानून व्यवस्था बिगड़ गई थी, जिसके चलते पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि इन संपूर्ण घटनाओं की गहन मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि किन कारणों और कारकों से जगह-जगह हिंसक प्रदर्शन हुए, तथा किन व्यक्तियों या संगठनों के उकसावे पर यह उपद्रव और हिंसा भड़की।

अपर आयुक्त ने मजिस्ट्रियल जांच के संबंध में, सर्वसाधारण से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी भी व्यक्ति के पास उक्त घटनाओं से संबंधित कोई भी जानकारी है, या वे अपना मौखिक/लिखित साक्ष्य, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य (जैसे ऑडियो या वीडियो) प्रस्तुत करना चाहते हैं, तो वे 15 मई 2026 तक ऐसा कर सकते हैं।साक्ष्य प्रस्तुत करने के इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में पुलिस लाइन, गौतम बुद्ध नगर स्थित पुलिस उपायुक्त लाइन्स कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपस्थित होकर अपना साक्ष्य प्रस्तुत कर सकते हैं। यह कदम घटनाओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।

 मालूम हो कि श्रमिक हिंसा के मामले में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई है। वह भी इस मामले की जांच कर रही है। जबकि विभिन्न थानों में हिंसा करने व दंगा फैलाने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज हुआ है। जबकि पांच से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें कई ऐसे लोग हैं जो बाहरी तत्व हैं।