Noida News : पुरानी सरकारों के पाप के गड्ढे को भरने मे समय लगा: योगी आदित्यनाथ

Jun 27, 2026 - 20:12
Noida News : पुरानी सरकारों के पाप के गड्ढे को भरने मे समय लगा: योगी आदित्यनाथ

Noida News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की शाम को सेक्टर 96 में बने नोएडा विकास प्राधिकरण के सात मंजिला नए भवन का लोकार्पण किया। नोएडा विकास प्राधिकरण को करीब 50 वर्ष बाद अपना नया कार्यालय मिला है। इस अवसर पर बोलते उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की सरकारों द्वारा किए गए पाप के गढ्ढे को भरने में भाजपा सरकार को समय लगा, लेकिन हमने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है, और अब विकास की गति तेज हो गई है। उन्होंने फ्लैट बायर्स की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने फ्लैट बायर्स की समस्याओं को प्राथमिकता दी तथा उसका हल निकाला और करीब तीन लाख से ज्यादा फ्लैटों की रजिस्ट्री अब तक हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने भंगेल एलिवेटेड के पिलर नंबर 59 पर 67.81 करोड रुपए की लागत से बनने वाले क्लोवर लीफ का शिलान्यास भी किया। यह डायमंड इंटरचेंज एलिवेटेड के बीच में चढ़ने और उतरने की सुविधा देगा। इसके बनने से नोएडा की दर्जन भर सोसाइटी में रहने वाले लोगों को सीधा लाभ होगा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बनी दो सीवर लाइनें तथा यमुना तट पर 18.40 करोड़ रुपये से पुनर्जीवित रेनीवेल-4 परियोजना का भी सीएम ने लोकार्पण किया।

Chief Minister of Uttar Pradesh : मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद प्रशासनिक भवन के सातवें तल पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक भी की। कार्यक्रम के दौरान किसानों और उद्यमियों को प्लॉट आवंटन पत्र वितरित किए गए। परिसर में एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) तथा एमएसएमई प्रदर्शनी भी लगाई गई है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। डेढ़ हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई थी। इनमें पांच कंपनी पीएसी के जवानों के अलावा आसपास के जिलों से पुलिस बल बुलाया गया था। अतिरिक्त पुलिस बल भी शामिल रहा। 

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो डीसीपी, चार एडीसीपी, 13 एसीपी, आठ इंस्पेक्टर, 255 सब इंस्पेक्टर, 32 महिला सब इंस्पेक्टर, 80 हेड कांस्टेबल, छह महिला हेड कांस्टेबल, 286 कांस्टेबल तथा 125 महिला कांस्टेबल सहित कुल 792 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।