Noida News : 32 माह में गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने मादक पदार्थ बेचने वाले 1688 लोगों को किया गिरफ्तार, करोड़ों रुपए कीमत का मादक पदार्थ बरामद
Noida News : गौतमबुद्घ नगर कमिश्नरेट पुलिस ने एक जनवरी 2023 से 28 अगस्त 2025 तक नशीले पदार्थ की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है।
Police Commissioner Gautam Budh Nagar : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 32 महीने के अंतर्गत कमिश्नरेट पुलिस ने नारकोटिक्स अधिनियम के तहत 1497 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। इनमें 1688 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इनके पास से 8504.582 किलोग्राम गांजा, 9.532 किलोग्राम अफीम, 16.249 किलोग्राम स्मैक, 8.10 किलोग्राम चरस, 104.890 किलोग्राम मैथाफेटामाइन, 148 ग्राम कोकीन, 163.40 किलोग्राम कैनाबिस, 471 नशीली गोलियां और 925.50 किलोग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया है। नशीले पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त 54 वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी की कमर तोड़ने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि साइबर अपराधियों के प्रति भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2023 से अगस्त 2025 तक साइबर क्राइम से जुड़ी 106 करोड़ की राशि फ्रीज कराई गई है। वहीं 55 करोड़ 48 लाख से अधिक की राशि पीड़ितों के खाते में वापस कराई गई है। एक जनवरी 2023 से अगस्त 2025 तक साइबर क्राइम पुलिस ने विभिन्न डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट एवं केवाईसी अपडेट करने आदि से संबंधित 130 अभियोगों का सफल अनावरण किया और 227 आरोपियों को पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

