Noida News : पति ने महिला की गला दबाकर हत्या की

May 29, 2024 - 22:02
Noida News : पति ने महिला की गला दबाकर हत्या की
Symbolic image

Noida News : थाना फेस -वन क्षेत्र के सेक्टर चार स्थित एक कंपनी में कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश जारी है। 

Noida News : 

अपर पुलिस उपायुक्त मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि काजल और राजा बाबू शिकोहाबाद के रहने वाले थे। दोनों ने साढ़े तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों वर्तमान में हरौला गांव में रहते थे और सेक्टर चार स्थित एक्सपेनडिको ट्रेड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सफाईकर्मी का काम करते थे। मंगलवार सुबह पांच बजे काजल और राजा में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद काजल कंपनी में सफाई करने चली गई। आठ बजे के करीब राजा कंपनी पहुंचा और कहासुनी के बाद काजल की हत्या गला दबाकर कर दी। कंपनी के अंदर हत्या होने से अफरातफरी मच गई। फौरन इसकी सूचना फेस- वन थाने की पुलिस को दी गई। इस दौरान राजा कहीं फरार हो गया। उसने मोबाइल भी ऑफ कर लिया है। घटना की जानकारी होने के बाद काजल के भाई ने राजा के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि राजा पत्नी के घर वालों से मोटरसाइकिल और नकदी की मांग करता था। काजल जब मना करती थी तो राजा उसकी पिटाई करता था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। काजल की उम्र 22 जबकि राजा की उम्र 25 साल है।