Noida News : समाजवादी पार्टी में शामिल हुए शिक्षाविद मुकेश शर्मा, नोएडा से चुनाव लड़ने की चर्चा
Noida News : नोएडा के प्रमुख शिक्षाविद और समाज सेवी मुकेश शर्मा आज भाजपा और आरएसएस छोड़कर समाजवादी पार्टी की साइकिल पर सवार हो गए। उन्होने लखनऊ में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की मौजूदगी में भगवा छोड़ सिर पर लाल टोपी धारण किया। उनके साथ रायबरेली से संबंध रखने वाले एक प्रमुख ब्राह्मण चेहरा विश्वजीत त्रिपाठी ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता आज ग्रहण कर ली है। चर्चा है कि मुकेश शर्मा नोएडा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
अभी हाल ही में मुकेश शर्मा ने अपने-अपने राम कार्यक्रम करवाया था, जबकि वह नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक कार्य कुछ विगत दिनों से कर रहे है। इस बात को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा थी। मुकेश शर्मा नोएडा में काफी दिनों से हैं, लेकिन विगत 3-4 माह से उन्होंने अपनी सक्रियता बढ़ाई है। शहर के विभिन्न चौराहा पर उनका बोर्ड लगा हुआ है। मुकेश शर्मा अब तक खुद को एक समाजसेवी के रूप में पेश कर रहे थे, लेकिन अब समाजवादी पार्टी में उनकी ज्वाइनिंग ने इस बात को जाहिर कर दिया है कि उनकी महत्वाकांक्षा चुनाव लड़ने की है। हालांकि अभी तक सपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। उनकी दावेदारी को लेकर सपा के ही कुछ लोग बगावती हो रहे है। सपा से टिकट की दावेदारी करने वाले कुछ लोग उन पर विभिन्न प्रकार के आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा और आरएसएस के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले मुकेश शर्मा को रातों-रात नोएडा के समाजवादी लोग कैसे स्वीकार करेंगे। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि कार्पोरेट कल्चर में जीने वाले मुकेश शर्मा राजनीति को किस तरह से आत्मसात करेंगे, यह एक यक्ष प्रश्न है।

