Noida News : आवासीय सोसायटी में ऊंचाई से गिरकर घरेलू सहायिका की मौत
Noida News : थाना सेक्टर 142 क्षेत्र के सेक्टर 137 स्थित सोसाइटी में रहने वाले एक व्यक्ति के घर पर काम करने वाली घरेलू सहायिका की शुक्रवार की रात को ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि थाना सेक्टर 142 क्षेत्र के गुलशन विवांते सोसाइटी के दसवें फ्लोर पर रहने वाले गिरधारी लाल के घर पर मोनिका (20) पुत्री जनक सिंह घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। शुक्रवार की देर रात को वह आवासीय बिल्डिंग से ऊंचाई से नीचे गिर गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में उसकी मौत हो गई। एसीपी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। एसीपी ने बताया कि पुलिस यह जांच करने में जुटी है कि यह घटना आत्महत्या की है कि है या हादसा है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अगर मृतका के परिजन इस मामले में कोई शिकायत करेंगे तो पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच करेगी। वहीं इस घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए थे। कुछ लोग इसे हत्या का मामला भी बता रहे हैं।

