Noida News : एक महिला ने थाना फेस-दो में अपने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज में एक करोड़ रुपये ना मिलने पर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब वह अपने पति के साथ विदेश घूमने गई थी तो उसने उसके साथ शराब पीकर जबरन अप्राकृतिक यौनाचार किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Noida News :
थाना फेस- 2 के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि गांव भंगेल निवासी एक महिला ने दर्ज एफआईआर में पुलिस को बताया है कि उनका विवाह दिल्ली निवासी अक्षय त्यागी के साथ हुआ था। शादी के समय पति ने खुद को मल्टीनेशनल कंपनी का कर्मचारी बताया था। विधवा मां ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पता चला कि पति कोई नौकरी नहीं करता। इसके बाद आरोपियों ने व्यापार करने के लिए एक करोड़ रुपये की मांग की। आरोप है कि शादी के बाद जब वह पति के साथ इंडोनिशया के बाली में घूमने गई तो पति ने शराब पीकर जबरन कुकर्म किया। शादी बचाने के लिए पीड़िता चुप रही।
वहां से वापस आने के बाद पति ने बीमारी का बहाना बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद पति के साथ, सास, ससुर, देवर और ननद ने अतिरिक्त दहेज की मांग करना शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। सास ने पूरे जेवरात अपने पास रख लिए। चार माह पहले पति ने उसे अपने साथ रखने से इन्कार कर दिया। अब आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने इसकी शिकायत महिला थाने में दी। जहां दोनों पक्षों को बुलाया गया।
मीडिएशन फेल होने के बाद पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि डीसीपी महिला सुरक्षा के आदेश पर महिला के पति अक्षय त्यागी, ससुर तपेश्वर त्यागी, सास श्रीमती सीमा त्यागी, देवर अखिल त्यागी, तथा ननद साक्षी त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।