Noida News : साइबर ठगो ने एक महिला उद्यमी को आईपीओ में निवेश कराने के नाम पर झांसा देकर उनसे 3.15 करोड रुपए की ठगी कर ली है। बदमाशों ने महिला को व्हाट्सएप ग्रुप पर जोड़कर घटना को अंजाम दिया।
Noida News :
साइबर क्राइम के सहायक पुलिस आयुक्त विवेक रंजन राय ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 122 में रहने वाली उद्योगपति श्रीमती ज्योति ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीते 22 मई को उनके पास व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। मैसेज करने वालों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग करने से मोटा मुनाफा होने की बात कही। पीड़िता के अनुसार वह उनकी बातों में आ गई तथा उनसे संपर्क किया। बदमाशों ने उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। ग्रुप एडमिन ने उनसे सीधा संपर्क किया। आरोपी ने बातचीत के दौरान उनके पास एक गूगल लिंक भेजा, जिसके जरिए उन्होंने एक ट्रेडिंग एप को डाउनलोड किया। महिला को ठगो ने ऑनलाइन ट्रेडिंग शुरू करने का सुझाव दिया। शुरुआती दौर में एक लाख निवेश करने पर उन्हें 40 हजार रुपए का मुनाफा हुआ। इसके बाद भी लगातार निवेश करने पर मुनाफा मिलता गया। कुछ दिनों बाद आरोपियों ने आईपीओ में बड़ी रकम लगाने को कहा। ठगो ने एक आईपीओ में बड़ा मुनाफा मिलने का झांसा देकर निवेश करने को कहा। झांसे में आकर महिला ने कई नामी कंपनियों के शेयर और आईपीओ में निवेश कर दिया। आरोपियों ने उन्हें निवेश के दस्तावेज भी उपलब्ध करवाए। इसकी वजह से वह लगातार जालसाजों के बताएं अनुरूप पैसे निवेश करती रही। उन्होंने बताया कि महिला ने कुल 3.15 करोड़ रूपया निवेश कर दिया। ठगो द्वारा डाउनलोड करवाए गए एप में उनकी रकम कई गुना ज्यादा दिख रही थी। इस दौरान महिला ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया, तो साइबर अपराधियों ने उनसे कहा कि आपको 20 फ़ीसदी रकम जमा करनी होगी, इसके बाद आपकी रकम निकलेगी। जब महिला ने रकम जमा करने से इनकार कर दिया तो ठगो ने उन्हें ग्रुप से बाहर निकाल दिया। एसीपी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।