Noida News : हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

Aug 27, 2025 - 11:03
Noida News : हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल
हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

Noida News : थाना सेक्टर 142 पुलिस ने आज तड़के 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। उक्त बदमाश ने दो लोगों के ऊपर जानलेवा हमला किया था।

Police Station Sector 142 Noida News : पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बीती रात को एक सूचना के आधार पर थाना सेक्टर 142 पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान दानिश पुत्र रियाजुद्दीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली इसके पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ थाना सेक्टर 142 में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था। इसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

 

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि इसकी पत्नी को अरबाज नाम का लड़का फोन करके परेशान करता था। इसने अपने साथियों के साथ मिलकर 3 जुलाई को सेक्टर 143 में पंचर की दुकान करने वाले अरबाज के ऊपर धारदार हथियार से हमला बोला। अरबाज़ को बचाने आए फैजान को भी इसने चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों का उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हुआ। इस मामले में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था। आरोपी तभी से फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ पूर्व में पांच मुकदमे दर्ज हैं।