Noida News : छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
Noida News : आस्था का महापर्व छठ के व्रतियों ने आज शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। 28 अक्टूबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देंकर व्रत संपन्न होगा। व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा शहर में विभिन्न जगहों पर कृत्रिम तालाब बनाये गए है। जहां पर व्रती सूर्य भगवान को अर्घ्य दिए।
महापर्व को सकुशल संपन्न कराने में प्राधिकरण के साथ पुलिस प्रशासन भी जुटा हुआ है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोशनी, पेयजल, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की गई है। घाटों को आकर्षक रूप देने के लिए फूलों की मालाएं, झालरें और रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। विभिन्न जगहों पर छठ पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हो रहा है।
वहीं पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह भी छठ व्रत के मद्देनजर आज शाम को ग्राउंड पर उतरी। उन्होंने विभिन्न जगहों पर जाकर व्यवस्था का जायजा लिया तथा अपने मातहत अफसर को निर्देशित किया। डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद द्वारा एडीसीपी नोएडा सुमित कुमार शुक्ला के साथ नोएडा जोन के विभिन्न क्षेत्रों में छठ पूजा के अवसर पर बनाए गए मुख्य चार कृत्रिम घाटों थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-39, 24 व सेक्टर-126 में बने घाटों पर जाकर व्यवस्था को परखा पुलिस के अधिकारी हिंडन नदी और कालिंदी कुंज ओखला बैराज पर शाम से ही डटे रहे। रात 8 बजे तक छठ व्रतियों की वजह से यातायात रूट डायवर्ट रहा।
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि घाटों के आस-पास नियमित फुट पेट्रोलिंग की जाए, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जाए तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखी जाए। इसके अतिरिक्त, सभी पीसीआर व पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बता दें कि नोएडा व ग्रेटर नोएडा में लाखों की संख्या में पूर्वांचल और बिहार के लोग रहते हैं, जो छठ महापर्व मनाते हैं। लोग यहां के विभिन्न सोसायटियों, सेक्टरों में बने छठ घाट, हिंडन नदी, यमुना नदी और गंग नहर के किनारे भी छठ पर्व मनाने के लिए जाते हैं। उन स्थानों पर भी पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के विशेष प्रबंध किये गए हैं।
नोएडा स्टेडियम में आयोजित छठ पूजा के अवसर पर पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतम बुद्ध के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष श्रीमती विमला बाथम सहित कई हस्तियां पहुंची।
विश्व कल्याण के लिए होती है छठ पूजा: कलराज मिश्रा
इस अवसर पर बोलते हुए कलराज मिश्रा ने कहा कि पूरे देश में छठ का महापर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छठी मैया की आराधना सर्वत्र हो रही है। उन्होंने कहा कि इस पर्व की यह विशेषता है कि सूर्योदय के समय सूर्य को अर्घ्य प्रदान करते हैं। वही सूर्यास्त के समय भी सूर्य को अर्घ्य प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह इसलिए करते हैं कि पूरे विश्व को कल्याण करने वाले सूर्य सबका कल्याण करें। सबको सुख समृद्धि दें। इसी प्रार्थना के साथ यह कार्यक्रम चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि छठी मैया से प्रार्थना की जाती है कि वह सब को सुखी रखें।
गाजियाबाद
गाजियाबाद में महापर्व छठ के अवसर पर सोमवार को ढलते सूरज को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाएं घ विभिन्न घाटों पर पहुंचीं। इस दौरान कुछ व्रती महिलाएं मन्नत पूरी होने पर दंडवत छठ घाट पहुंचीं। वहीं छठ व्रत की वजह से 28 अक्तूबर को जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश जारी किया है। सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में शिक्षण कार्य बंद रहेगा।

