Noida News : नोएडा भंगेल एलिवेटेड रोड पर अनियंत्रित जैगुआर कार डिवाइडर से टकराई, एक छात्रा की मौत, तीन छात्र घायल
Noida News : थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के नोएडा भंगेल एलिवेटेड रोड पर आज तड़के एक तेज गति से जा रही जैगुआर कार डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में कार में सवार एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
Police Station Sector 49 Noida News : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गौतम ने बताया कि थाना सेक्टर 49 पुलिस को आज सुबह 3 बजे के करीब सूचना मिली कि नोएडा भंगेल एलिवेटेड रोड पर भंगेल से नोएडा की तरफ आते समय एक जैगुआर कार डिवाइडर से टकरा गई है। उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर भारी पुलिस पर पहुंचा। कार में फंसे हुए चार छात्र-छात्राओं फलक अहमद उम 18 वर्ष, अंश उम्र 19 वर्ष, आयुष भाटी उम्र 17 वर्ष, नील पंवार उम्र 18 वर्ष को कार से निकाला गया। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने फलक अहमद को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि सभी यहां के विभिन्न स्कूलों से पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि अभी तक यह पता नहीं चला है कि सारे छात्र-छात्राएं इतनी रात को कहां से आ रहे थे। बताया जाता कि कार घायल छात्र अंश की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। वहीं घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए थे। कार में फंसे छात्र-छात्राओं को बचाने के बजाए वे लोग मौके पर वीडियो बना रहे थे।

