Noida News : काली मां की मूर्ति विसर्जित करके घर लौट रहे लोगों से भरा अनियंत्रित पिकअप वैन पुल से नीचे गिरा, 18 घायल, 2 की मौत
Noida News : थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के हिंडन पुल और एफएनजी एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले ब्रिज रोड पर रविवार शाम को एक पिकअप वाहन रेलिंग से टकरा गया। इसमें बैठे छह लोग उछलकर 20 फीट नीचे गहरे गढ्ढे मे गिर गए। कई लोग पिकअप के नीचे दब गए। दुर्घटना में 18 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की मौत हो गई है। तीन की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई हैं। ये लोग हिंडन नदी में मूर्ति विसर्जित कर पिकअप पर सवार होकर से घर लौट रहे थे। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
Police Station Sector 113 Noida News : सहायक पुलिस आयुक्त ट्विंकल जैन ने बताया कि थाना सेक्टर 113 पुलिस को रविवार की शाम को सूचना मिली। उनके मुताबिक, सभी पिकअप सवार सभी लोग मूलरूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। उन्होने काली मां की मूर्ति की स्थापना की थी जिसका विसर्जन करने के लिए रविवार को गए थे। लौटते वक्त बिसरख पुल पार करके पिकअप एफएनजी एक्सप्रेसवे की तरफ आ रहा था। इस दौरान दूसरी तरफ से विपरीत दिशा में वाहन आ गया। इससे पिकअप बेकाबू होकर पुल की रेलिंग से टकरा गया। घटना के बाद मौके पर शोरगुल मच गया। वाहन से नीचे गिरने के बाद घायल हुए लोग रो रहे थे और मदद मांग रहे थे। यह देखकर एफनजी और बिसरख पुल रोड से गुजर रहे राहगीर भी ठहर गए। इससे कुछ देर के लिए मौके पर भीड़ भी जुट गई। पुलिस ने घायलों को बिसरख, नोएडा व आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया।
मौके पर मौजूद शिवकुमार ने बताया कि वह मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले। उनके साथ कई परिवार सेक्टर-73 सर्फाबाद में किराये पर रहते हैं। वे अलग-अलग काम करते हैं। मां काली पूजा करने के लिए लोगों ने मूर्ति स्थापित की थी। इसे रविवार को दोपहर 3 बजे विसर्जन करने के लिए हिंडन नदी पर गए थे। पिकअप में पीछे बैठे दुर्जन, वासुदेव, राकेश, सुखलाल, विश्वजीत और सयन नाम का एक बच्चा पुल से नीचे गिर गया। पिकअप के नीचे शांती, मानवी, अंजलि, रंजित के साथ अन्य लोग दब गए। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि सूचना के आधार पर थाना-113 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौके से वाहन हटवाया गया।

