Noida News : ससुराल वालों की दानवता की शिकार महिला ने 40 दिन बाद उपचार के दौरान फोर्टिस अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने किया हंगामा

Sep 20, 2024 - 19:35
Sep 21, 2024 - 12:23
Noida News : ससुराल वालों की दानवता की शिकार महिला ने 40 दिन बाद उपचार के दौरान फोर्टिस अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने किया हंगामा
Google image

Noida News : ससुराल वालों की दानवता की शिकार महिला ने उपचार के दौरान 40 दिन बाद आज शाम को नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद उसके परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों का आरोप है कि इस मामले में ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ 10 अगस्त को मुकदमा दर्ज करवाया गया था, लेकिन पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। इस मामले को लेकर कल परिजनों ने सहायक पुलिस आयुक्त से मिलकर कार्रवाई की भी मांग की थी।

मालूम हो कि दीपक पुत्र तिलक सिंह निवासी ग्राम नयावास सिंघाड़ा सिंभावली जनपद हापुड़ ने 10 अगस्त को थाना सेक्टर 113 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन नैना की शादी वर्ष 2018 में वरुण पुत्र महेंद्र के निवासी ग्राम सोरखा के साथ धूमधाम से हुई थी। पीड़ित के अनुसार उन्होंने शादी में कारी 25 लाख रुपए खर्च किया था। पीड़ित का आरोप है कि शादी के समय से ही उसकी बहन के ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों ने 10 अगस्त को नैना के साथ मारपीट की। उसके सिर पर गंभीर रूप से चोट पहुंचाई, जिसकी वजह से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। आरोप है कि नैना के पति वरुण ने उसके गले में फंदा डालकर उसका गला घोट दिया। आरोप है कि नैना के सास, ससुर ने भी उसके साथ मारपीट की।

  पीड़ित के अनुसार घटना की सूचना पाकर जब वह जनपद हापुड़ से नोएडा पहुंचा तो उसे पता चला कि उसकी बहन को नोएडा के सेक्टर 62 की स्थिति फोर्टिस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। पीड़ित का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बहन के साथ उसके पति वरुण, सास, ससुर महेंद्र, ननद आंचल, जेठ पवन, चचिया ससुर देवेंद्र ने मारपीट कर हत्या का प्रयास किया।

इस बाबत पीड़ित दीपक ने बताया कि उसकी बहन के साथ हुई घटना के 40 दिन बीत गए हैं। वह लोग थाना और पुलिस अधिकारियों के यहां जाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे, लेकिन पुलिस ने एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। इसी बीच एक आरोपी ने कोर्ट से जमानत ले ली है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। दीपक के अनुसार शुक्रवार की शाम को उपचार के दौरान उसकी बहन की मौत हो गई।

 इस घटना के बाद महिला पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए तथा उन्होंने फोर्टिस अस्पताल में जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना पाकर कई थाने की पुलिस वहां पर पहुंची, तथा लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। अपर पुलिस आयुक्त मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि इस मामले में सुसंगत धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।