Noida News : बारात में गई युवती के साथ अश्लील हरकत, विरोध करने पर मारपीट
Noida News : अपने परिवार के साथ बारात में गई एक युवती के साथ वहां पर आए कुछ युवकों ने अश्लील हरकत की। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती और उसके परिजनों के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
Police Station Expressway Greater Noida News : थाना एक्सप्रेसवे के प्रभारी निरीक्षक अमित खारी ने बताया कि छलेरा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी बेटी और परिवार के अन्य लोगों के साथ छपरौली गांव में एक शादी में भाग लेने गए थे। वहां पर डीजे पर डांस के दौरान हिमांशु तथा उसके साथियों ने शराब के नशे में उसकी बेटी के साथ अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी। जब उसकी बेटी ने विरोध किया तो उन्होंने उसके नाजुक अंगों को छुआ तथा धक्का मुक्की की।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के अनुसार उन्होंने आरोपियों का विरोध किया तथा अपनी बेटी को उनके चंगुल से बचाया। उसके बाद जब वह बारात से बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि उनकी कार का टायर पंचर कर दिया गया है। वह अपनी कार की स्टेपनी बदलने लगे इसी बीच हिमांशु अपने साथियों के संग दोबारा आ गया, तथा सड़क पर खड़ी उनकी बेटी के साथ अश्लील हरकत की जब। उनकी बेटी ने शोर मचाया तो पीड़ित और उनके परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तथा हिमांशु के चंगुल से अपनी बेटी को बचाया। इसी बीच हिमांशु और उसके साथियों ने पीड़ित और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। इस घटना में उनकी बेटी को गंभीर चोट आई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उसका उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

