Noida News : हल्दीराम कंपनी में काम करते समय एक व्यक्ति ऊंचाई से नीचे गिरा, मौत
Noida News : थाना फेस- 3 क्षेत्र में स्थित हल्दीराम कंपनी में काम करने वाले एक व्यक्ति की काम करते समय ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना फेस- 3 के प्रभारी निरीक्षक पुनीत कुमार ने बताया कि जाकिर उम्र 40 वर्ष हल्दीराम कंपनी में काम करते थे। उन्होंने बताया कि काम करते समय वह कंपनी में ऊंचाई से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गए। उन्हें अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि वहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि अगर मृतक के परिजन इस मामले में कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरे का भी अवलोकन किया जा रहा है।
थाना फेस-दो के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि बबलू पुत्र राम रतन उम्र 55 वर्ष गेझा गांव में रहते थे। उन्होंने बताया कि वह कुछ दिन पूर्व अपने गांव में काम करने के लिए जा रहे थे, तभी वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर में गंभीर चोट लगी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे बादल ने उनको उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, उपचार के दौरान आज उनकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मृतक के बेटे बादल के अनुसार वह चारपाई बनाने का काम करते थे। बादल के अनुसार चोट लगने के बाद कुछ दिन तक वह ठीक रहे, लेकिन अचानक से उनकी तबीयत खराब हो गई। उसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

