Noida News : आत्महत्या की नीयत से 22 वर्षीय युवती ने मेट्रो ट्रैक पर लगाई छलांग, अस्पताल में भर्ती
Noida News : थाना फेस- वन क्षेत्र के सेक्टर 16 मेट्रो स्टेशन पर एक 22 वर्षीय युवती बुधवार शाम 4 बजे के करीब मेट्रो ट्रैक पर कूद गई। गनीमत यह रही की उस समय वहां से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी। उसके शरीर और सिर में चोट लगी है। उपचार के लिए उसे नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के चलते मेट्रो संचालन कुछ देर के लिए बाधित रहा।
Police Station Phase 1 Noida News : थाना फेस- 1 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि संस्कृति पुत्री राजेश उम्र 22 वर्ष निवासी न्यू कुंडली दिल्ली आज मेट्रो ट्रेन पकड़ने के लिए 16 सेक्टर के मेट्रो स्टेशन पर पहुंची। वह मेट्रो स्टेशन पर खड़ी थी। अचानक उसने आत्महत्या की नीयत से मेट्रो ट्रैक पर छलांग लगा दिया। उस समय कोई ट्रेन वहां से नहीं गुजर रही थी। मेट्रो रेल की पटरी से टकराने के चलते उसके सिर और शरीर के अन्य जगहों पर गंभीर चोट लगी है। उसे तत्काल उपचार के लिए नोएडा के सेक्टर 27 स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि युवती की परिजन मौके पर आ गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।

