Jewar News : दलित छात्र हत्याकांड: मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सहायता राशि का चेक विधायक ने परिजनों को सौपा

Oct 26, 2025 - 13:43
Jewar News : दलित छात्र हत्याकांड: मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सहायता राशि का चेक विधायक ने परिजनों को सौपा
दलित छात्र हत्याकांड: मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सहायता राशि का चेक विधायक ने परिजनों को सौपा

Jewar News : दबंगों द्वारा की गई मारपीट में घायल दलित छात्र की उपचार के दौरान हुई मौत के बाद आज जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार के लोगों से मिलकर उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा दी गई 5 लाख रुपए की त्वरित सहायता राशि का चेक प्रदान किया। विधायक ने हमारे संवाददाता को बताया कि 18 वर्षीय अनिकेत के साथ 15 अक्टूबर को मारपीट हुई थी। उसका उपचार दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा था। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व उपचार के दौरान उसका निधन हो गया था। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने घटना वाले दिन पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी थी तथा मौके पर ही पीड़ित परिवार की उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात करवाई थी। उन्होंने कहा कि 25 अक्टूबर को मुख्यमंत्री जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के भ्रमण पर आए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से पुनः बात की।

 मुख्यमंत्री से उन्होंने सहायता राशि प्रदान किए जाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत की। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को वह पीड़ित परिवार के घर गए तथा मुख्यमंत्री द्वारा प्रेषित की गई 5 लाख रुपए की त्वरित सहायता राशि का चेक मृतक अनिकेत के पिता सतीश कुमार, मां श्रीमती रेखा देवी को सौंपा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ प्रदेश सरकार हर पल पर खड़ी है। उन्होंने कहा कि अनिकेत के परिवार के आंसुओं की भरपाई नहीं हो सकती लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सहायता राशि उनके परिवार के जीवन यापन में राहत का कार्य करेगी। विधायक ने कहा कि यह घटना दुखद है। पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिलेगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लिया है तथा निष्पक्ष जांच के निर्देश दिया है।