Noida News : नोएडा एयरपोर्ट से जम्मू और नवी मुंबई के लिए भी उड़ानें शुरू

Jun 16, 2026 - 19:26
Noida News : नोएडा एयरपोर्ट से जम्मू और नवी मुंबई के लिए भी उड़ानें शुरू
Noida International Airport

Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मंगलवार को दो नए शहरों के लिए उड़ानें शुरू हो गईं। अकासा एयर ने नवी मुंबई और इंडिगो ने जम्मू के लिए उड़ानें शुरू की। अकासा नोएडा एयरपोर्ट से विमान शुरू करने वाली दूसरी एयरलाइंस है। अकासा एयर ने नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानें शुरू की हैं। एयरलाइंस की पहली उड़ान नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सुबह 7:25 बजे रवाना हुई और सुबह 9:35 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद नोएडा एयरपोर्ट से अकासा की पहली उड़ान सुबह 10:15 बजे रवाना हुई और दोपहर 12:30 बजे नवी मुंबई पहुंची। एयरलाइंस ने केक काटकर पहली उड़ान की शुरुआत की। अकासा एयर की मुख्य शासन और रणनीतिक अधिग्रहण अधिकारी प्रिया मेहरा ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट से संचालन शुरू करना कंपनी की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह नया एयरपोर्ट एनसीआर और आसपास के राज्यों के यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी के बड़े अवसर प्रदान करेगा।

इस अवसर पर यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि अकासा एयर का आगमन यात्रियों और पूरे क्षेत्र के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों को अधिक उड़ान के विकल्प मिलेंगे और उत्तर प्रदेश और उत्तरी भारत में आर्थिक विकास तथा बेहतर संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।

Noida International Airport News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर, जम्मू और नवी मुंबई के लिए रोजाना विमान सेवा मिलेगी। दोनों एयरलाइंस अपनी-अपनी समय सारिणी जारी कर चुकी हैं। हालांकि, एक जुलाई से 11 नए शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इसके बाद नोएडा एयरपोर्ट से प्रतिदिन 28 विमान उड़ान भरेंगे। खास बात यह होगी कि अब एयरपोर्ट से दिन और रात दोनों ही समय फ्लाइट मिल सकेंगी। एयरपोर्ट कैट-3 जैसे उपकरणों से लैस है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मरम्मत, रखरखाव ओवरहाल (एमआरओ) हब की जिम्मेदारी भी अकासा एयर को सौंपी गई है। इसके लिए कंपनी का यापल के साथ समझौता हो चुका है। कंपनी दूसरे चरण के अधिग्रहीत कुल 1365 हेक्टेयर जमीन पर एमआरओ बनाएगी, यह एमआरओ हब 40 एकड़ में होगा। इसके बनने के बाद एयरपोर्ट पर ही यात्री विमानों की मरम्मत हो सकेगी। फिलहाल इस सुविधा के लिए भारत को चीन समेत अन्य देशों पर निर्भरता है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बुधवार को पहली कार्गो उड़ान शुरू होगी। पहली उड़ान चेन्नई से आने की उम्मीद है। इसके लिए एफकॉम कंपनी के साथ समझौता किया गया है। यह मालवाहक (कार्गो) एयरलाइन है। यह विशेष माल परिवहन एवं आपूर्ति शृंखला सेवाएं प्रदान करने के लिए बोइंग 737-800 मालवाहक विमानों का उपयोग करती है। यह कंपनी ही एयरपोर्ट से कार्गो उड़ानें का संचालन करेगी। पहली उड़ान 17 जून की होगी, जो चेन्नई से नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने की उम्मीद है।