Greater Noida News : हत्याकांड के गवाह को मिली जान से मारने की धमकी

Dec 23, 2024 - 11:23
Greater Noida News : हत्याकांड के गवाह को मिली जान से मारने की धमकी
Bisrakh Police Station
Greater Noida News : थाना  बिसरख क्षेत्र मे स्थित एक फार्म हाउस में 27 नवंबर 2023 को आयोजित शादी समारोह में हुई अशोक यादव की हत्या के चश्मदीद गवाह और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है। भयभीत गवाह ने इस मामले में डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह से मुलाकात की और सुरक्षा की गुहार लगाई। जिसे धमकी मिली है वह मृतक अशोक यादव का बेटा है और हत्याकांड का चश्मदीद गवाहभी। 
Greater Noida News :
पुलिस को दी शिकायत में होशियारपुर गांव निवासी भूपेंद्र यादव ने बताया कि रोजाना की तरह वह शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे के करीब अपने मकान सी-33 पर जा रहे थे। इसी दौरान वहां बहलोलपुर निवासी सत्ते प्रधान एक अज्ञात व्यक्ति के साथ कार से आया। दोनों भूपेंद्र को धमकाने लगे। सत्ते प्रधान ने भूपेंद्र से कहा कि आगामी तीन जनवरी को होने वाली गवाही में अगर गए तो तुम्हारा भी वही हाल होगा जो तुम्हारे पिता का हुआ है। दोनों भूपेंद्र पर गवाही बदलने का दबाव बनाने लगे। ऐसा न करने पर दबंगों ने भूपेंद्र और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। शिकायतकर्ता का दावा है कि पूरे घटनाक्रम के चश्मदीद गवाह उसके ताऊ और मामा हैं। जिस समय धमकी मिली भूपेंद्र के साथ दो पीएसओ भी थे। पिता की हत्या के बाद भूपेंद्र को सुरक्षा के लिए पीएसओ मुहैया कराए गए हैं। भूपेंद्र का कहना है कि धमकी मिलने के बाद उनका पूरा परिवार भयभीत है और घर से बाहर निकलना भी छोड़ दिया है। 
फार्म हाउस में आयोजित शादी समारोह में पूर्व प्रधान अशोक यादव की हत्या उसके समधी प्रॉपर्टी डीलर शेखर ने की थी। दो गोली मारकर अशोक की हत्या की गई थी। मामले में आरोपी शेखर और उसके आठ अज्ञात साथियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया था। इसमें शेखर, यशपाल, वेद प्रकाश, विकास यादव, गौरव, सौरभ और रौनक की गिरफ्तारी हुई। यशपाल और शेखर अभी भी जेल में हैं। अन्य पांच जेल से बाहर आ गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसे धमकी जेल से बाहर आए वेद प्रकाश ने दिलवाई है।