Greater Noida News : सड़क हादसे में खिलौने बनाने वाली कंपनी में काम करने वाले दो लोगों की मौत

Feb 28, 2025 - 11:55
Greater Noida News : सड़क हादसे में खिलौने बनाने वाली कंपनी में काम करने वाले दो लोगों की मौत
Greater Noida News : थाना बादलपुर क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक खिलौना बनाने वाली कंपनी में काम करने वाले दो लोगों की मौत हो गई है। दोनों युवक बुलंदशहर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर गाजियाबाद जा रहे थे, तभी अच्छेजा गांव के पास एक डंपर चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया।
Greater Noida News :
 पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि गौरव कुमार पुत्र भागमल सिंह निवासी स्याना बुलंदशहर ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका भाई अमित कुमार पुत्र भागमल सिंह अपने साथी कर्मचारी  संतोष पुत्र पवन सिंह निवासी बिहार के साथ बाइक पर सवार होकर बुलंदशहर से जनपद गाजियाबाद जा रहे थे। पीड़ित के अनुसार जैसे ही दोनों थाना बादलपुर क्षेत्र के अच्छेजा गांव के पास पहुंचे एक अज्ञात डंपर चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोनों की बाइक में टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में संतोष की मौके पर मौत हो गई ,जबकि गंभीर रूप से घायल अमित कुमार को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, वहां पर उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार दोनों एक खिलौने बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते थे। ये लोग जनपद बुलंदशहर स्थित एक शोरूम पर खिलौने छोड़कर वापस लौट रहे थे। बताया जाता है कि संतोष मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जनपद का रहने वाला था। वह काफी गरीब परिवार से था। उसके अंतिम संस्कार के लिए भी लोगों ने चंदा इकट्ठा करके मदद की। संतोष की बहन की शादी होने वाली थी, इसके लिए वह फैक्ट्री में लगातार ओवर टाइम कर रहा था।