Greater Noida News : किशोरी को बंधक बनाकर मारपीट करने वाले पति-पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Mar 23, 2026 - 20:12
Greater Noida News : किशोरी को बंधक बनाकर मारपीट करने वाले पति-पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
Symbolic Image

Greater Noida News : झारखंड से लाई गई एक किशोरी के साथ मारपीट कर बंधक बनाकर जबरन काम कराने तथा अश्लील हरकत के मामले में थाना बीटा-दो में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने युवती को रेस्क्यू करके उसे सेक्टर-62 स्थित वन स्टाफ सेंटर भेजा है।

Police Station Beta 2 Greater Noida News : थाना बीटा-दो के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि लालगढ़ रांची झारखंड की रहने वाली एक महिला ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी 14 वर्षीय बहन को वर्ष 2020 में विजय शर्मा नामक व्यक्ति अपने बच्चों की देखरेख करने के लिए जनपद रांची झारखंड से लेकर आया। अब उसकी उम्र 20 वर्ष है। पीड़िता के अनुसार शुरुआती दिनों में उसने अपनी बहन से फोन पर बात की। उसके बाद से विजय शर्मा और उसकी पत्नी तनवी शर्मा, बहन की पिता और उससे बात नहीं करवाते थे। इन लोगों ने उसका कोई पता भी नहीं दिया। आरोप है कि तब से और अब तक विजय शर्मा ने ना तो उसकी बहन को कोई वेतन दिया और ना ही उससे बात करवाते थे। यह लोग उसके साथ मारपीट कर उसका प्रताड़ना करते थे। पीड़िता के अनुसार उसकी बहन ने 17 मार्च को फोन करके बताया कि तनवी शर्मा और विजय शर्मा उसके साथ मारपीट करते हैं। ये लोग घर का सारा काम करवाते हैं। वह उनकी और उनके बच्चों की देखरेख करती है। दोनों उसे घर वापस नहीं भेज रहे हैं। पीड़िता के अनुसार जब उसने पूछा कि क्या तुम्हारे साथ कुछ गलत हुआ तो उसने कहा कि विजय शर्मा उसके साथ छेड़छाड़ करता है। महिला के अनुसार उसने इस बात की जानकारी रामेश्वर को दी। उसने एक संगठन को सूचना दी। तथा 22 मार्च को संगठन के लोगों ने आकर पुलिस को सूचित किया। पुलिस और संगठन के लोगों ने पीड़िता को पति-पत्नी के चंगुल से रेस्क्यू करवाया तथा उन्हें वन स्टाफ सेंटर भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर विजय शर्मा निवासी बीटा-दो सेक्टर तथा उसकी पत्नी तनवी शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74,115(2)तथा 143 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।