Greater Noida News : घर से भाग कर नोएडा आए प्रेमी युगल ने खाया जहर, दोनों की मौत
Greater Noida News : थाना बादलपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर दादरी बाईपास के समीप एक दूकान पर प्रेमी युगल ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। दोनों के बीच जीजा-साली का रिश्ता था। प्रेम प्रसंग में दोनों ने यह कदम उठाया है। दोनों अपने घर से भागकर नोएडा आए थे।
Police Station Badalpur Greater Noida News : थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि गाजियाबाद जनपद के उजैडा गांव का रहने वाला 32 वर्षीय आशीष परिवार के साथ अपने गांव मे रहता था। आशीष का मेरठ के गांव पथौली की रहने वाली 19 वर्षीय अंशिका से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अंशिका आशीष की रिश्ते में साली लगती थी। दोनों सोमवार से अपने घर से लापता थे। बुधवार की शाम दोनों घर से भाग कर थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित एक दुकान पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रेमी युगल नेशनल हाईवे पर धूम मानिकपुर गांव के समीप दादरी बाईपास के नजदीक एक दुकान पर रुके थे। इसके बाद दोनों ने बुधवार की देर रात को एक साथ जहर खा लिया। जहर खाते ही दोनों बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को बेहोशी की हालत में बादलपुर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान युवक और युवती की आज मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजन पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला है कि आशीष और अंशिका सोमवार को अपने-अपने घर से निकले थे। इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजन लगातार दोनों की तलाश में जुटे थे। मेरठ के एक थाने में परिजनों ने युवती के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस के अनुसार आशीष के परिवार के सदस्य भी लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। परिवार के लोग उसके फोन पर कॉल कर रहे थे। घटना के बाद परिजनों की कॉल आशीष के मोबाइल पर आई थी। पुलिस ने फोन रिसीव किया तो पता चला कि आशीष घर से गायब था। इसके बाद परिजन बादलपुर पहुंचे। इसकी सूचना युवती के परिजनों को भी दी गई।

