Greater Noida News : यमुना प्राधिकरण में 76वें गणतंत्र दिवस पर अधिकारियों व कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ

Greater Noida News : यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कपिल सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलायी।
यीडा में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में उन्होंने गणतंत्र को प्राप्त करने में की गई कुर्बानियों और इसके मायने के बारे में विस्तार से बताया, साथ ही संविधान में वर्णित कर्तव्यों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने यीडा की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की कार्य योजना भी बताई।
इस अवसर पर विशेष कार्यधिकारी शैलेन्द्र भाटिया ने स्वतंत्रता और गणतंत्र की प्राप्ति के इतिहास की व्यापक जानकारी दी। 1757 के प्लासी युद्ध से लेकर 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम तक एवं 1857 से 1947 तक के स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न पड़ावों और और 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने और इसके विकास क्रम की जानकारी दी।
शैलेन्द्र भाटिया ने बताया कि गत 75 सालों में भारत द्वारा स्वास्थ्य उपलब्धि, खाद्यान्न उपलब्धि, अंतरिक्ष विज्ञान में उपलब्धि, मानव विकास में उपलब्धि, निष्पक्ष चुनाव और सफल जनतंत्र की उपलब्धि, भारतीय सेना की उपलब्धि, कंप्यूटर और डिजिटल में उपलब्धि, भारतीयों की विदेशों में उपलब्धि आदि हमें गर्व करने का अवसर देते है।
उन्होंने जेवर एयरपोर्ट की स्थापना से क्षेत्र में होने वाले आगामी विकास कार्यों पर भी चर्चा की। महाप्रबंधक वित्त विशम्भर बाबू सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान यीडा अधिकारियों ने देश भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने वाले स्कूली बच्चों और शिक्षकों को सम्मानित किया।