Greater Noida News : संयुक्त किसान मोर्चा की हुई महापंचायत, 7 जनवरी को तीनों प्राधिकरण व प्रशासन के साथ होगी वार्ता

Dec 30, 2024 - 18:22
Greater Noida News :  संयुक्त किसान मोर्चा की हुई महापंचायत, 7 जनवरी को तीनों प्राधिकरण व प्रशासन के साथ होगी वार्ता

Greater Noida News  : जनपद गौतमबुद्व नगर के किसानों की समस्याओं को लेकर आज जीरो प्वाइंट ग्रेटर नोएडा में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। महापंचायत में विभिन्न किसान संगठन के नेताओं के साथ भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। पंचायत में 64.7 परसेंट मुआवजा एवं 10 फीसदी प्लॉट के साथ ही 2013 भूमि बिल अधिग्रहण लागू करने की मांग किसान नेताओं ने की। किसानों ने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक किसान आंदोलन करते रहेंगे।


किसानों की मांगों को लेकर महापंचायत स्थल पर भारतीय किसान यूनियन प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के साथ अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार, यमुना प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने वार्ता की। इस वार्ता में भी किसानों के पक्ष में कोई सार्थक हल नहीं निकला। अगली वार्ता तीनों प्राधिकरण, पुलिस एवं प्रशासन के साथ आगामी 7 जनवरी 2025 को की जायेगी।


वहीं दूसरी तरफ पत्रकारों से बातचीत करते हुए भारतीय किसान यूनियन प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि देश में महंगाई आसमान छू रही है, हर चीज के दाम बढ़े है, लेकिन जमीन के सर्किट रेट नहीं बढ़ रहे हैं। सरकार द्वारा किसानों की जमीन सस्ते दरों में अधिग्रहित की जा रही। उन्होंने कहा कि आजकल देश भर में आंदोलन चल रहा है और सरकार नहीं मानेंगी तो यह आंदोलन और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हर जगह के किसानों की समस्याएं अलग-अलग है।

जनपद गौतमबुद्व नगर में भूमि अधिग्रहण का मामला है, वहीं दूसरी तरफ एमएसपी गारंटी कानून की मांग की जा रही है। कहीं फसलों के दाम पर सवाल है, कहीं जंगल का सवाल है और कहीं छात्रों पर लाठी चार्ज हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में तो कमेटी बनी हुई है भूमि अधिग्रहण के मामले पर तीनों प्राधिकरण के अधिकारी बैठकर किसानों से बातचीत करें तभी कोई समस्या का हल निकल सकेगा।