Ghaziabad News : दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत

Aug 5, 2026 - 12:32
Ghaziabad News : दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत
सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की बुधवार सुबह को दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव कलछीना के पास सुबह करीब पांच बजे हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीनों शिव भक्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि तीनों कांवड़िये हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले थे, और हरिद्वार की ओर कांवड़ यात्रा पर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिसकी वजह से बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए और उन्हे गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान ज्ञानप्रकाश, राजकुमार और प्रदीप के रूप में हुई है। तीनों युवक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी हुई है।