Ghaziabad News : गाजियाबाद जासूसी कांड, तीन गद्दार और गिरफ्तार
Ghaziabad News : आतंकी संगठनों के लिए देश के सैन्य ठिकानों की रेकी कर पाकिस्तान को वीडियो भेजने वाले बिहार निवासी समीर उर्फ शूटर को गाज़ियाबाद क्राइम ब्रांच ने उसके दो साथियों शामली निवासी समीर पठान व भोवापुर निवासी शिवराज सहित मंगलवार को गिरफ्तार किया है। समीर दिल्ली के चांदनी चौक स्थित राजा हिंदुस्तानी होटल में प्लेट धोने का काम करता था। इसी दौरान उसने देश के विभिन्न सैन्य ठिकानों की जानकारी जुटाकर साझा की।
सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार समीर ने बताया है कि उसने राजस्थान, कर्नाटक और असम समेत कई राज्यों में आर्मी, सीआरपीएफ व नेवी के कार्यालयों, कैंटीन व चिकित्सालयों जैसे संवेदनशील स्थानों की फोटो-वीडियो बनाई थीं। करीब एक वर्ष से वह इस गतिविधि में लिप्त था।
उन्होंने बताया कि मूल रूप से बिहार के भागलपुर स्थित सोमापुर का रहने वाला समीर दिल्ली में बल्लीमारन चांदनी चौक में रहता था। उसने जांच एजेंसियों को बताया कि कुछ माह पहले कर्नाटक में समुद्र तट पर स्थित शहर कारवार गया था। वहां उसने भारतीय नौसेना के आईएनएस कदंबा नौसैनिक अड्डे का वीडियो बनाकर बोटिम एप के माध्यम से पाकिस्तान भेजा था। इसके अलावा असम के धुबरी जिले के बमुनिगांव स्थित सेना स्टेशन व सीआरपीएफ से जुड़े ठिकानों की वीडियो और फोटो भेजने की बात भी सामने आई है।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि असम के एक बंदरगाह की तस्वीरें भी साझा की गई थीं। राजस्थान और जोधपुर के सैन्य ठिकाने भी उसके निशाने पर रहे। इनकी तस्वीरें व वीडियो उसके मोबाइल फोन में मिले हैं। मेरठ निवासी और मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले सुहेल मलिक को भी समीर ने अपने नेटवर्क में शामिल किया था। वह युवाओं को जोड़ने और उनसे फोटो-वीडियो जुटाने में मदद करता था।
उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि समीर तक विदेशी फंडिंग पांच अलग-अलग स्तरों से पहुंचती थी। दिल्ली के एक जनसेवा केंद्र के माध्यम से यह रकम उसे मिलती थी। यहां दिनेश नाम के व्यक्ति के खाते में पैसा भेजा जाता था, जिसे जांच एजेंसियां ‘म्यूल अकाउंट’ मान रही हैं। इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल जारी है।
एसीपी के अनुसार, शामली के बुटराड़ा गांव के रहने वाले समीर और आतंकी गतिविधियों में पहले गिरफ्तार की जा चुकी मीरा के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों के मोबाइल फोन में इससे संबंधित कुछ चैट भी बरामद हुई हैं। हालांकि, आतंकी गतिविधियों से जुड़ी चैट को उन्होंने पहले ही डिलीट कर दिया था। इन्हें रिकवर करने के लिए मोबाइल फोन फॉरेंसिक लैब भेजे जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, मीरा का संपर्क पाकिस्तानी गैंगस्टर सरफराज उर्फ सरदार उर्फ जोरा सिंह से भी था। दिल्ली के समीर, शामली के समीर पठान और मीरा ने मिलकर पानीपत रेलवे स्टेशन पर स्टैंडअप सीसीटीवी कैमरा लगाने की भी बात स्वीकार की ।
मामले में भोवापुर (गाजियाबाद) निवासी शिवराज और प्रवीन की संलिप्तता भी सामने आई है। ये दोनों भी रेकी में शामिल थे। इसके बदले शिवराज को खर्च के अलावा डेढ़ हजार रुपये दिए गए थे। वहीं, समीर पठान के परिवार के सदस्य मजदूरी करते हैं। वह खुद भी मजदूरी के साथ जेसीबी चलाना सीख रहा था। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क, फंडिंग के स्रोत और अन्य संभावित सहयोगियों की गहनता से जांच कर रही हैं।

