Greater Noida News : निर्माणाधीन हॉस्टल में काम करने आए दो लोगों की निर्मम हत्या,साथी फरार

May 8, 2026 - 12:21
Greater Noida News : निर्माणाधीन हॉस्टल में काम करने आए दो लोगों की निर्मम हत्या,साथी फरार
निर्माणाधीन हॉस्टल में काम करने आए दो लोगों की निर्मम हत्या,साथी फरार

Greater Noida News : थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में निर्माणाधीन एक हॉस्टल में काम करने के लिए आए दो लोगों की भारी वस्तु से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की चार टीमें घटना की जांच कर रही है।

Deputy Commissioner of Police, Zone III :  पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि मेरठ के रहने वाले शीशपाल (42 वर्ष) इंदर 45 वर्ष तथा अभिषेक नामक तीन लोग सीताराम इंस्टिट्यूट के पास स्थित एक निर्माणाधीन हॉस्टल में काम करने के लिए तीन दिन पूर्व आए थे। तीनों वहां पर माली का काम कर रहे थे। ये लोग हॉस्टल के अंदर बने कमरे में रह रहे थे। बीती रात को तीनों ने एक साथ बैठकर खाया- पिया। इसी बीच तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। 

उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह को पुलिस को सूचना मिली कि कमरे के अंदर दो लोग मृत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने इंदर और शीशपाल के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि अभिषेक मौके से फरार है। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि दोनों की हत्या अभिषेक ने की है, और मौके से भाग गया है। उन्होंने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है। डीसीपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस की चार टीमें लगाकर इस घटना का खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।

हॉस्टल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस विधि की सहायता से पुलिस घटना को अंजाम देने वालों की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उक्त घटना को एक आदमी ने अंजाम दिया है या उसके साथ कुछ और लोग भी शामिल हैं। पुलिस इस मामले में पुरानी रंजिश के एंगल को भी देखकर जांच कर रही है।

 डीसीपी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनसे पूछताछ के बाद इस मामले में अहम कड़ी पता चलेगी।