Ghaziabad News : विभिन्न जगहों पर रहने वाले दो लोगों को साइबर अपराधियों ने बनाया शिकार, 78 लाख की ठगी
Ghaziabad News : साइबर अपराधियों ने गाजियाबाद में रहने वाले दो लोगों को अपना शिकार बनाया। उन्होंने एक व्यक्ति से निवेश के नाम पर 72 लाख 15 हजार तथा एक व्यक्ति से बैंक का कर्मचारी बनाकर करीब 6 लाख रुपए की ठगी कर ली। दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त ( क्राइम) पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि गाजियाबाद के साइबर क्राइम थाने में कशिश खान पुत्र मोहम्मद अखलाक निवासी रामप्रस्था गाजियाबाद ने बीती रात को रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह पेशे से अधिवक्ता है। पीड़ित के अनुसार व्हाट्सएप कॉल से एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया तथा क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उनके अनुसार आरोपियों ने उन्हें अपने झांसे में लिया। अन्यया नाम की एक लड़की ने उनसे बातचीत करनी शुरू की। उसने कहा कि उसके चाचा क्रिप्टोकरंसी में ट्रेडिंग का काम करते हैं। मुझे भी ट्रेडिंग के माध्यम से अच्छा लाभ मिला है। आपको भी वह लाभ दिलवा देंगे।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उन्हें अपने झांसे में लेकर एक वेबसाइट पर पंजीकरण करवाया। उसे वैध क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के रूप में प्रस्तुत किया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने शुरुआत में उसे छोटी-मोटी रकम लगवाई तथा ज्यादा मुनाफा दिखाया। धीरे-धीरे अपने जाल में फंसाकर आरोपियों ने विभिन्न बार में उनसे 72 लाख 15 हजार रुपया इन्वेस्ट करवा लिया। उन्हें अपनी रकम वेबसाइट पर काफी बढ़ी हुई दिख रही थी। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो उनसे मोटी रकम टैक्स के रूप में मांगी गई। पीड़ित के अनुसार तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि एक अन्य मामले में राजेंद्र कुमार निवासी महाराजपुर ट्रांस हिंडन ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मूल रूप से हरिद्वार के रहने वाले हैं। 4 अप्रैल को उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह एक्सिस बैंक हरिद्वार से बोल रहा है। उसने कहा कि आपका खाते का केवाईसी अपडेट नहीं हुआ है। अगर आपने केवाईसी नहीं भरा तो आपके खाते से 3500 कट जाएंगे। उसने पीड़ित से एक एपीके फाइल लोड करवाया। उसने उनसे कहा कि आप ऑनलाइन फॉर्म भर दो, और अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, ई-मेल आईडी आदि अपलोड कर दो। पीड़ित ने उसके बताए अनुसार सब कुछ भर के फॉर्म ऑनलाइन अपलोड कर दिया। पीड़ित के अनुसार इसी बीच आरोपी ने उनके खाते को हैक कर लिया तथा उनके खाते से दो बार में करीब 6 लाख रुपए निकाल लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

