Dadri News : प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में दो गिरफ्तार

Oct 24, 2024 - 09:45
Dadri News : प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में दो गिरफ्तार
Google Image
Dadri News : प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर फॉर्च्यूनर कार में रखकर जलाने वाले दो आरोपियों को थाना दादरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से प्रॉपर्टी डीलर का लूटा गया सोने चांदी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन आदि बरामद हुआ है। दोनों आरोपी  मृतक के दोस्त हैं।
Dadri News :
 पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि मंगलवार की देर रात को थाना दादरी क्षेत्र के कोट पुल के पास एक फॉर्च्यूनर कार में सवार संजय यादव नामक प्रॉपर्टी डीलर की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने उसके शव को कार में रखकर उसे जला दिया था। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही थाना पुलिस ने बुधवार को उक्त घटना को अंजाम देने वाले विशाल राजपूत पुत्र धर्म सिंह तथा जीत चौधरी पुत्र दर्शन को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से मृतक का सोने का कड़ा, सोने की दो अंगूठी, एक सोने की चेन, 62 हजार 500 नगद,दो मोबाइल फोन तथा कुत्ते का पट्टा जिससे उसकी गला घोटकर हत्या की गई थी, बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपियों के संजय यादव से संबंध हो गए थे। संजय यादव हमेशा अपने पास मोटी रकम और सोने के गहने पहन कर रखता था। उन्होंने योजना बनाई कि इसकी हत्या कर इससे नगदी और इसके जेवरात लूट लेंगे। पीड़ित के साथ आरोपियों ने पहले बियर पी। जब उसे थोड़ा सा नशा हो गया तो आरोपियों ने  उसके जेवरात और पैसे लूट लिए। मौका पाकर गले में कार में पड़ा हुआ कुत्ते वाला पट्टा डालकर उसका गला घोट दिया। अंधेरा होने पर संजय की लाश को उसकी कार  की पिछली सीट पर डालकर एक कंबल से ढका। दादरी की तरफ लेकर आए।यहां पर इन लोगों ने कोट पुल के पास सुनसान जगह पर गाड़ी रोककर संजय को ड्राइविंग सीट पर लाकर रख दिया, तथा पेट्रोल डालकर फॉर्च्यूनर कार में आग लगा दी।