Dadri News : पटाखे बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

Sep 8, 2025 - 12:48
Dadri News :  पटाखे बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
पटाखे बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

Dadri News : दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध के बावजूद कई लोग अवैध रूप से पटाखे का निर्माण कार्य कर रहे हैं। एनसीआर में इस बार भी दशहरा व दीपावली पर पटाखा जलाने पर बैन रहेगा।

Dadri News : जनपद गौतमबुद्व नगर के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के थाना दादरी पुलिस ने आज एक सूचना के आधार पर पटाखे बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से निर्मित, अर्द्धनिर्मित पटाखे, पटाखे बनाने की सामग्री, उपकरण सहित अन्य सामान बरामद किया है। यह पटाखे दशहरा व दीपावली पर्व पर अवैध रूप से बेचने के लिए तैयार किए जा रहे थे।

Police Station Dadri News : थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि आज एक सूचना के आधार पर ग्राम बोडाकी में निर्माणाधीन एक मकान में पटाखे बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए रामलखन पुत्र रामकुमार, आजाद पुत्र शौकीन तथा राजेन्द्र पुत्र डेहुगा को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से 1004 किलोग्राम निर्मित पटाखा (अनार), 100 बोरी (नलकी) पटाखा (अनार बनाने की), 53.6 किलोग्राम मैग्नीशियम पाउडर, 74.8 किलोग्राम स्मैक लेस पाउडर, 68.4 किलोग्राम कटन पाउडर, 37.9 किलोग्राम टीआई पाउडर, 29.4 किलोग्राम द्रव्य पदार्थ, 28.3 किलोग्राम गोंद, 12.6 किलोग्राम डब्ल्यू पाउडर, 10 किलोग्राम पीओपी पाउडर, 10 किलोग्राम फेविकॉल, 6 दाब मशीन, 1 इलेक्ट्रॉनिक दाब मशीन मय मोटर, 1 स्प्रे मशीन, 1 इलेक्ट्रिक कांटा, 5 टेप कटर, 7 हथौड़ी, 2 मिसल, 1 धुरमुट, 3 बण्डल डेटोनेटर तार, 1 कार्टून सफेद टेप, 1 कार्टून पारदर्शी टेप,  9 कट्टे लाल मिट्टी, 5 बोरी गत्ता, 2 कार्टून लेवल, 2 खाली ड्रम प्लास्टिक,  2 ड्रम गत्ता, 3 छोटे ड्रम गत्ता,  3 टब प्लास्टिक, 2 क्रेट प्लास्टिक सहित अन्य सामान बरामद की गई है।