Noida News : जनपद गौतमबुद्ध नगर में असत्य पर सत्य की जीत का महापर्व विजयदशमी धूमधाम से मना

Oct 12, 2024 - 20:55
Noida News : जनपद गौतमबुद्ध नगर में असत्य पर सत्य की जीत का महापर्व विजयदशमी धूमधाम से मना
रावण, कुंभकरण, मेघनाथ, महंगाई, भ्रष्टाचार एवं सनातन धर्म विरोधियों के पुतलों का हुआ दहन
Noida News : बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयदशमी जनपद गौतमबुद्व नगर में धूमधाम से मनाया गया। जनपद की विभिन्न रामलीला कमेटियों ने रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। रावण, मेघनाद व कुंभकरण के पुतले के साथ ही महंगाई, भ्रष्टाचार एवं सनातन धर्म विरोधियों के भी पुतलों का भी दहन किया गया। रामलीला कमेटियों की ओर से शाम 6 से पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। राम-रावण युद्ध के मंचन के बाद पहले मेघनाद फिर कुंभकरण और अंत में रावण के पुतलों का दहन किया गया।
नोएडा शहर में सेक्टर-21ए स्थित रामलीला मैदान में श्री सनातन धर्म रामलीला समिति, सेक्टर-62 में श्री राम मित्र मंडल नोएडा, सेक्टर-46 में श्रीराम लखन धार्मिक लीला कमेटी नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में विभिन्न रामलीला कमेटियों द्वारा आयोजित रामलीला में रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया।