Noida News : लुक्सर जेल में बंद विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर के लुक्सर जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की आज संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लुक्सर जेल के सुपरिंटेंडेंट बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि इरशाद अली (40 वर्ष) पुत्र यासीन निवासी कस्बा दादरी पूर्व में थाना दादरी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए थे। वह जनपद गौतम बुद्ध नगर की लुक्सर जेल में बंद थे। वह विचाराधीन बंदी थे। उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 326 के तहत वर्ष 2012 मे मुकदमा दर्ज था। जेल में बंदी के दौरान आज उनकी तबियत खराब हुई। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उनकी आज शाम को मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस और सदर तहसीलदार पूजा चौधरी मौके पर पहुंची। तहसीलदार ने पंचायत नामा भरा और थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन की तरफ से भी एक कमेटी बनाकर कैदी की मौत की जांच की जा रही है।

