Noida News : धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहे चार बदमाशों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया थाना सेक्टर 58 पुलिस ने शुरू कर दी है। वर्ष 2019 और वर्ष 2020 में थाना सेक्टर-58 में दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमों में वांछित चल रहे चार आरोपियों की संपत्ति कुर्क की जाएगी। पुलिस ने बुधवार को आरोपियों की संपत्ति पर कुर्की के नोटिस चस्पा किए और मुनादी कराई। 30 दिन की नोटिस अवधि के भीतर आरोपी न्यायालय में पेश नहीं हुए तो इनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क की जाएगी।
Noida News :
अपराध शाखा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि वर्ष 2019 और 2020 में थाना सेक्टर-58 पर कई मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन मुकदमों में चार आरोपी अभी तक फरार चल रहे हैं। कोर्ट द्वारा वारंट जारी होने के बावजूद भी आरोपी न्यायालय में हाजिर नही हो रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के घर नोटिस चस्पा किए गए। इनमें मूलरूप से जिला मुजफ्फरनगर के गांव काकड़ा निवासी हर्ष बालियान है। उसका वर्तमान पता बादलपुर थाना क्षेत्र का गांव छपरौला है। हर्ष के खिलाफ वर्ष 2020 में तीन मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा आरोपी जिला बागपत के गांव गढ़ी तमैला निवासी शुभम चौधरी उर्फ शुभम छिल्लर है। इसके खिलाफ वर्ष 2019 में सात और वर्ष 2020 में पांच मुकदमे दर्ज हैं। तीसरा आरोपी जिला बागपत के गांव गढ़ी तमैला निवासी यतेंद्र चौधरी है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में सात और वर्ष 2020 में पांच मुकदमे दर्ज हैं। चौथा आरोपी जिला बागपत के गांव गढ़ी तमौला निवासी यतेंद्र चौधरी है। इसके खिलाफ वर्ष 2019 में दो और 2020 में एक मुकदमा दर्ज है।