Noida News : सेक्टर-63 में रहने वाली एक महिला ने 16 वर्षीय पुत्री के लापता होने के संबंध में थाना सेक्टर-63 में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने 20 जनवरी को चार युवकों पर बेटी का अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है।
Noida News :
जनपद अलीगढ़ के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति दिमागी तौर पर बीमार रहते हैं। उनका शरीर अब मजदूरी के लायक नहीं है। पीड़िता अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए सेक्टर-63 के एच- ब्लॉक स्थित एक कंपनी में काम करती हैं। पीड़िता का कहना है कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री उनके साथ नोएडा में ही रहती है। आरोप है कि उनकी पुत्री को अंकित अपने तीन-चार साथियों मनोज कुमार, सोनू और मनवीर के साथ 20 जनवरी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पीड़िता का कहना है कि उनकी पुत्री के साथ अंकित ने पूर्व में भी छेड़छाड़ की थी और भगा ले जाने का प्रयास किया था। इसकी शिकायत पुलिस में की थी। पुलिस ने उसे दो बार हिरासत में लिया और छोड़ दिया। पीड़िता का कहना है कि उनकी पुत्री को पुलिस सकुशल बरामद करे। अन्यथा बेटी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है।