Noida News : छेड़छाड़ से आहत किशोरी ने की आत्महत्या, मुठभेड़ के दौरान आरोपी गिरफ्तार

Feb 14, 2025 - 10:21
Noida News : छेड़छाड़ से आहत किशोरी ने की आत्महत्या, मुठभेड़ के दौरान आरोपी गिरफ्तार
Noida News : थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के गांव छिजारसी गांव में रहने वाली एक युवती ने  छेड़छाड़ की घटना से आहत होकर पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। आरोपी दूर के रिश्ते का मामा है। उसने अपनी 10 वर्षीय बेटी के माध्यम से पीड़िता को अपने घर पर बुलाया और छेड़छाड़ की। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस ने बृहस्पतिवार की देर रात को आरोपी को पुलिस मुठभेड के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है।
Noida News :
पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि  मूलरूप से जिला फर्रुखाबाद निवासी एक परिवार छिजारसी गांव में किराए के मकान में रहता है। दंपति की 16 वर्षीय पुत्री और उससे छोटे दो पुत्र हैं। किशोरी का पिता फूड डिलीवरी करने वाली एक कंपनी में काम करते हैं, जबकि मां एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती हैं। पड़ोसी में ही किशोरी के मामा का साला भी परिवार के साथ रहता है। डीसीपी के मुताबिक, बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि एक किशोरी ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली है। मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और वीडियोग्राफी के बाद शव को  पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने बताया कि मृतका के साथ उसके रिश्ते के मामा ने छेड़छाड़ की थी। इससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया है। यही आरोप किशोरी के माता-पिता ने भी लगाया है। उनका कहना है कि शाम के समय उनके दोनों पुत्र मोहल्ले में खेलने गए थे। पड़ोस में रहने वाले किशोरी के रिश्ते के मामा ने अपनी 10 वर्षीय पुत्री के माध्यम से अपने घर पर उसे बुलाया। इसी दौरान उसने छेड़छाड़ की। किशोरी को घर से बुलाने की जानकारी आरोपी की पुत्री ने भी दी है। 
डीसीपी ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अभियुक्त रामपाल पुत्र गुलाब सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उसकी तलाश में पुलिस लगी हुई थी। बृहस्पतिवार की देर रात को पुलिस को सूचना मिली कि बहलोलपुर अंडरपास के पास से वह गुजर रहा है। पुलिस ने उसे घेर लिया। अपने आप को पुलिस से घिरा हुआ देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अभियुक्त रामपाल के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किया है। बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।