Noida News : पुलिस ने काउंसलिंग कर पति-पत्नी में कराया समझौता

Noida News : अतिरिक्त दहेज की मांग करने के साथ ही जब ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला को शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करना शुरू किया तो वह बेटे के साथ पति से अलग रहने लगी। दंपती के बीच तल्खी इतनी बढ़ गई कि दोनों ने एक दूसरे से बात करना भी छोड़ दिया और परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गया। नोएडा पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों और पीड़ित महिला की काउंसलिंग की। इसके बाद पति-पत्नी कभी लड़ाई न करने की बात कहते हुए हमेशा साथ रहने के लिए राजी हो गए।
Noida News :
एडिशनल डीसीपी महिला सुरक्षा प्रीति यादव ने बताया कि पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में महिला संबंधी पारिवारिक विवादों को कांउसलिंग के माध्यम से सुलझाते हुए टूटते परिवारों को बचाया जा रहा है। बीते साल एक महिला ने कमिश्नरेट पुलिस की महिला इकाई में ससुरालजनों पर अतिरिक्त दहेज की मांग और उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। महिला की शादी पांच दिसंबर 2021 को हुई थी और उसका एक बेटा भी है। बीते साल दिसंबर से पति-पत्नी अलग रहने लगे। प्रार्थना-पत्र पर एफडीआरसी ग्रेटर नोएडा की टीम व शारदा यूनिवर्सिटी की प्रोफेशनल काउंसलर्स की मदद से काउंसलिंग कराई गई और सुलह समझौते के प्रयास किए गए। मंगलवार को शारदा यूनिवर्सिटी की प्रोफेशनल काउंसलर्स की टीम व एफडीआरसी नॉलेज पार्क की टीम के प्रयासों से पति-पत्नी में आपस में समझौता हो गया और दोनों प्रेम पूर्वक साथ रहकर जीवन व्यतीत करने पर सहमत हो गए । मध्यस्थता के जरिए उनकी टूटती हुई गृहस्थी को बिखरने से बचाया जा सका। एसीपी महिला सुरक्षा सौम्या सिंह ने बताया कि कई बार पारिवारिक वाद-विवाद इतने बढ़ जाते हैं कि रिश्तों में कटुता आने लगती है तथा परिवार टूट जाते हैं। परंतु महिला एवं बाल सुरक्षा द्वारा चलाए जा रहे मिडिएशन व काउंसलिंग सेंटर में रिश्तों में आए मतभेदों को दूर करवाते हुए परिवारों को जोडने का प्रयास किया जाता रहा है। 2023 में लगभग 3000 दर्ज प्रकरणों का समझौते के आधार पर निस्तारण कराया गया है।